BIG NEWS : छत्तीसगढ़ के स्कूलों में प्रधान पाठक बनकर बैठे... चार शिक्षकों को किया गया बर्खास्त... पढ़िए क्या है पूरा मामला
2023-09-04 04:56 PM
431
सुकमा। छत्तीसगढ़ में सालों से शिक्षक बनकर नौकरी में दाखिल हुए और प्रमोशन पाकर प्रधान पाठक तक की कुर्सी तक पहुंचने वाले चार शिक्षकों को आज बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं एक ऐसे शिक्षक भी हैं, जो सेवानिवृत्त भी हो चुके हैं। तो एक शिक्षक की नियुक्ति दूसरे जिले में है, जिनके खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भेजा गया है।
यह पूरा मामला फर्जी प्रमाण पत्र का है। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में फर्जी आदिवासी प्रमाण पत्र दाखिल कर शिक्षक बने इन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिस पर चली जांच के बाद अब जाकर सच्चाई सामने आ पाई है। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।
मिल रही जानकारी के मुताबिक बर्खास्त किए गए इन चारों शिक्षकों के अलावा कुल 36 लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई थी, जो शिक्षा विभाग के अलावा अन्य विभागों में पदस्थ हैं। 7 माह तक चली जांच के बाद कहीं जाकर इन चार शिक्षकों के खिलाफ की गई शिकायत को सही पाया गया, जिसके बाद बर्खास्तगी आदेश जारी किया गया है।
बता दें कि अविभाजित बस्तर व दंतेवाड़ा जिले में 1980 से 2012-13 के बीच निकली सरकारी नौकरियों में कई लोगों के द्वारा फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी पाने की शिकायत आदिवासी समाज ने की थी। नियुक्ति के समय तहसीलदार की ओर से जारी अस्थाई जाति प्रमाण पत्र के आधार पर नियुक्तियां दी गई थी।