छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में शासकीय सेवाओं से... बर्खास्तगी का दौर... स्वास्थ्य विभाग के 84 कर्मी एक साथ बर्खास्त

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पिछले 13 दिनों यानी 21 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। जिसकी वजह से शासकीय काम प्रभावित हो रहा और लोगों को स्वास्थ्य के मामले में असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। शासन, प्रशासन द्वारा हड़ताल कर रहे कर्मियों को वापस काम पर जाने के लिए लगातार कहा जा रहा था, ताकि मरीज व उनके परिजन परेशान न हो, लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों ने शासन की बातों को नजरअंदाज कर दिया। अंतत: कलेक्टर ने एस्मा का हवाला देते हुए एक साथ 84 कर्मियों की बर्खास्तगी का आदेश जारी कर दिया। 

एस्मा एक्ट के तहत बर्खास्तगी
कोरिया कलेक्टर ने एस्मा एक्ट (एसेंशियल सर्विसेज मैनेजमेंट एक्ट) के तहत 25 अगस्त को 48 घंटे के भीतर पहली सूचना और दो सितंबर दोपहर एक बजे तक तक अंतिम सूचना जारी कर अपनी उपस्थित मुख्यालय में निर्धारित करने के लिए निर्देश दिया था। इसके बावजूद निर्धारित समय में इन 84 स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपनी उपस्थिति शासकीय सेवा में नहीं दी।

इसके बाद एस्मा एक्ट के तहत प्राप्त शक्तियों को उपयोग करते हुए सभी 84 कर्मचारियों को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने शासकीय सेवाओं से बर्खास्त कर दिया है। साथ ही 22 चिकित्सा अधिकारियों के लिए संचालक स्वास्थ्य स्वास्थ्य सेवायें और 42 स्टाफ नर्स के साथ अन्य कर्मचारियों को संभागीय स्वास्थ्य सेवाएं सरगुजा के खिलाफ कलेक्टर ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की अनुशंसा की है।