छत्तीसगढ़

आचार संहिता लागू होती ही बैनर पोस्टर निकालने गई टीम का बाघ से हुआ सामना.... उड़े होश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आचार संहिता लागू होने के साथ ही प्रशासनिक और नगरीय निकायों का अमला राजनीतिक दलों का बैनर-पोस्टर निकालने के काम में जुट गया है। मनेंद्रगढ़ में इस बीच बैनर पोस्टर निकालने जा रही टीम का सामना सीधे बाघ से हो गया। बाघ को सामने देख कर्मचारियों के होश उड़ गए।

जी हां, मामला मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले के जनकपुर क्षेत्र का है। यहां अमला गांवों में जाकर बैनर-पोस्टर निकाल रहा था। कई गांवों में पोस्टर निकालने के बाद अमला जंगल के रास्ते लौट रहा था, तभी उनका सामना बाघ से हो गया।

कर्मचारी अभी नाले के पास पहुंचे थे कि तभी उन्होंने बाघ को देख लिया। वह नाले में पानी पी रहा था। इतना देखना था कि कर्मचारियों की जान हलक में सूख गई। कर्मचारियों ने जैसे-तैसे बाघ की नजर से बचते हुए वापसी का रास्ता पकड़ा। इसके बाद अफसरों को इसकी जानकारी दी। तब अफसरों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी है। बहरहाल इसे अच्छा संकेत भी माना जा रहा है कि समय रहते बाघ का पता चल गया और अब वन अमला लोगों को सतर्क करने के काम में जुट गया है।