पटरी से उतरी मालगाड़ी... 16 घंटे से कोयला लोडिग बंद. संकट में रेलवे और पावर प्लांट मैनेजमेंट
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक साइडिंग के पास मालगाड़ी पटरी से उतर गई। मालगाड़ी के कई डिब्बे इधर-उधर पलट गए, इसके चलते 16 घंटे तक मालगाड़ियों में कोयला लोडिंग प्रभावित हो गया है। व्यस्त रूट पर इस घटना से रेलवे और कोयले का उपयोग करने वाले पावर प्लांट के मैनेजमेंट चिंता में पड़ गए हैं। इसे लेकर हड़कंप मचा हुआ है. साथ ही सुधार कार्य तेज गति से किया जा रहा है।
बता दें कि कोयला लोड करने दीपका रेलवे साइडिंग जा रही मालगाड़ी के 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। मालगाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई डिब्बे दूर जाकर पलटे. वहीं यार्ड की सभी लाइन ब्लाक हो गई. जानकारी मिलते ही एआरटी रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर डिब्बों को वापस पटरी पर लाने का काम शुरू किया।
रात करीब 9.30 बजे गाड़ी जब दीपका के प्राइवेट साइडिंग में कृष्णा नगर के पास कोयला लदान के लिए प्लेसमेंट हो रही थी, इसी दौरान उसके 18 नंबर के डिब्बे के साथ ही अगले 5 डिब्बे एक के बाद एक बेपटरी हो गए, वहीं कई इधर-उधर पलट गए।
दरअसल, एसईसीएल की दीपका कोयला खदान से निकलने वाले कोयला की लोडिंग व सप्लाई के लिए दीपका में ही रेलवे साइडिंग बनाई गई है। यहां से छत्तीसगढ़ समेत दूसरे राज्यों में कोयला भेजा जाता है। एक मालगाड़ी कोरबा से निकलकर गुरुवार की रात इसी साइडिंग के लिए रवाना हुई थी।