छत्तीसगढ़

बैनर के नीचे नक्सलियों ने छिपाकर रखी थी IED, हटाते ही हुआ विस्फोट, 4 जवान घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के सातधार में नक्सलियों के द्वारा लगाए गए बैनर-पोस्टर को हटाने के दौरान IED ब्लास्ट हो गया। जिससे CRPF के 4 जवान घायल हो गए। घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर ले जाने की तैयारी चल रही है।

शनिवार की सुबह जवानों को सूचना मिली थी कि बारसूर पल्ली मार्ग के सातधार 195 बटालियन ब्रिज के पास नक्सलियों ने भारी मात्रा में बैनर, पोस्टर फेंके हैं। इस सूचना के बाद बारसूर से सीआरपीएफ 195 बटालियन के 10 -12 जवानों को रवाना किया गया। यहां जवानों की टीम ने पोस्टर निकालना शुरू किया, तो यहां नक्सलियों की ओर से पोस्टर के नीचे छिपाकर रखे गए बम में विस्फोट हो गया। इसकी चपेट में आने से चार जवान घायल हो गए। घटना की जानकारी लगते ही सीआरपीएफ कैंप में रखा चॉपर सुबह 10 बजे बारसूर के लिए रवाना हो गया। इधर आसपास के इलाके में सर्चिंग भी तेज कर दी गई है। 

सीआरपीएफ अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुबह जवानों को सूचना मिली थी कि सुदर तुलारगुफा की ओर में नक्सली गतिविधियां चल रही है। जवानों ने लगातार सर्चिंग करने के दौरान संदिग्ध हालत में कुछ पैकेट में बम पड़े हुए दिखे। बम को बम निरोधक दस्ता की मदद से डिफ्यूज करने की कोशिश में हल्की सी चूक हो जाने के कारण आईईडी ब्लास्ट हो गया, जिससे चार जवानों के चोटें आई हैं। इस घटना में एक जवान के सिर पर चोट आई, वहीं बाकी के जवानों को चेहरे में आईईडी के टुकड़े आने के कारण चोटें आई हैं। फिलहाल घायलों को रायपुर रेफर करने की बात कही जा रही है।