सुकमा में नक्सली ब्लास्ट.... चपेट में आने से दो जवान घायल.. इलाके में सर्चिंग तेज
रायपुर। नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी ब्लास्ट होने से सर्चिंग पर निकले दो जवान घायल हो गए। सड़क निर्माण कार्य के पहले सर्चिंग पर निकले एक जवान का पैर आईईडी के ऊपर आ गया। ब्लास्ट में उसके साथ मौजूद दूसरा जवान भी घायल हो गया, दोनों को इलाज के लिए ले जाया गया है।
मिल रही जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह जिला सुकमा के थाना किस्टाराम क्षेत्रांतर्गत कैम्प डब्बामरका से जिला बल, सीआरपीएफ 217 वाहिनी एवं कोबरा 208 वाहिनी की संयुक्त पार्टी सालातोंग में रोड निर्माण सुरक्षा ड्यूटी के लिए रवाना हुई थी। सर्चिंग के दौरान लगभग 10:15 बजे सालातोंग के पास प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से 2 जवान घायल हो गए। घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रायपुर या जगदलपुर ले जाने की तैयारी की जा रही है।
जैसे ही ये घटना सामने आई है, पुलिस और सुरक्षा बलों के जवान सक्रिय हो गए हैं। पूरे इलाके में पुलिस बल और सीआरपीएफ के साथ ही कोबरा बटालियन के जवान सर्चिंग कर रहे हैं।