छत्तीसगढ़

चलती बस में लगी आग.... 60 यात्री बस में थे सवार... कुछ ने खिड़की से कूदकर बचाई जान

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लिए जगदलपुर से निकली बस आगजनी की शिकार हो गई।  केशकाल के रावणभाठा मैदान के समीप चलती बस में भीषण आग लग गई। आग लगते ही चालक और परिचालक यात्रियों को बाहर निकालना छोड़ कर मौके से फरार हो गए। वहीं आग लगने की सूचना मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री दरवाजा, खिड़की तोड़ कर किसी प्रकार से बाहर निकले। खिड़की से कूदकर बाहर निकलने के प्रयास में 3 यात्री गम्भीर रूप से घायल भी हो गए हैं।

बतादें कि बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर से रात्रि करीब 12:00 बजे सोमवार को रायपुर के लिए निकली महिंद्रा ट्रेवल्स की बस केशकाल राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के पास उसमें अचानक आग लगने के कारण यात्रियों में हड़कंप मच गया, इसमें करीब 60 यात्री सवार थे।

जानकारी में बताया गया है कि सुबह करीब 4 बजे यात्री बस में कोंडागांव के नेशनल हाईवे केशकाल डिपो के पास अचानक आग लग गई, जिससे यात्री घबरा गए। चालक द्वारा वाहन रोकने पर सभी जान बचाने के लिए बस से कूदने लगे। बस में आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर राख हो गई। जब पुलिस पहुंची तो उन्होंने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। आग से दो पुरुष और दो महिलाएं झुलस गईं। जिन्हें पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनकी देखभाल हो रही है, घटना कैसे घटी यह अज्ञात है। यात्री अभी डरे हुए हैं।