छत्तीसगढ़

छात्राओं पर गर्म तेल डालने के मामले में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण का फरमान... किसे मिली क्या सजा

रायपुर। छात्राओं के हाथों में गर्म तेल डाले जाने के मामले में जस्टिस गौतम भादुड़ी ने संज्ञान लिया है। मामला कोंडागांव जिले के माकड़ी ब्लॉक के केरावाही मीडिल स्कूल का है। यहां 25 मासूम छात्रों सजा देने के नाम पर कढ़ाई में उबलते तेल की बून्दे उनके हथेलियों में डाल दिया गया था। इसकी वजह से उन छात्रों के हथेलियों पर फफोले पड़ गए थे। 

घटना पर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) के कार्यपालक अध्यक्ष जस्टिस गौतम भादुड़ी ने संज्ञान लेते हुए सालसा के सदस्य सचिव आनंद प्रकाश वारियाल के माध्यम से तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। तत्पश्चात् सालसा द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोण्डागांव के जिला न्यायाधींश- अध्यक्ष को जिला प्राधिकरण के सचिव के माध्यम से पीड़ित छात्रों को उनके परिजनों के माध्यम से उनके विधिक अधिकारों की जानकारी प्रदान किए जाने तथा विधिक सहायता, सलाह उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए।  मामले में जस्टिस ने शिक्षिकाओं पर कार्रवाई और आर्थिक राशि देने के निर्देश दिए है।

साथ ही प्रथम दृष्टया अपराध प्रकट होने पर दोषियों के विरूद्ध विधि अनुसार उचित अग्रिम कार्यवाही अनिवार्य रूप से किये जाने भी निर्देश दिये गये। इसके अलावा प्रदेश के समस्त जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से स्कूलों, छात्रावासों में बच्चों/छात्रों के प्रति बर्बरतापूर्वक व्यवहार की पुनरावृत्ति न हो, इस हेतु न्यायाधीशों, पैरालीगल वॉलिटियर्स एवं स्वयं सेवी संस्थाओं के सहयोग से इस संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान करने एवं व्यापक प्रचार-प्रसार किये जाने हेतु निर्देश दिये गये हैं।

बतादें कि पूर्व में भी सालसा के कार्यपालक अध्यक्ष जस्टिस गौतम भादुड़ी ने कांकेर के एक दत्तक ग्रहण केन्द्र में प्रोग्राम मैनेजर द्वारा एक बच्चे के साथ किये गये बर्बरतापूर्वक पिटाई मामले में संज्ञान लेते हुए संबंधित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से प्रशासन के सहयोग से तत्काल कार्यवाही की गई थी। इसके अलावा प्रदेश भर के बाल गृह, दत्तक गृह इत्यादि में सभी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव को प्रत्येक माह भ्रमण किये जाने एवं ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने के संबंध में निर्देश प्रसारित किये गये हैं।