छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड... अंबिकापुर का पारा पहुंचा 6 डिग्री पर... राजधानी में 13.6
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब ठिठुरन बढ़ने लगी है। विशेषकर अंबिकापुर क्षेत्र में तो शीतलहर के हालात बनते जा रहे है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम रहा यानी 6.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके साथ ही अन्य क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में भी अब गिरावट आने लगी है। शनिवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे है। इसके साथ बिलासपुर 11.8, जगदलपुर 14.3 और पेंड्रा रोड 9.4 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ, चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण द्रोणिका के रूप में जम्मू-कश्मीर के ऊपर स्थित है । इसका अक्ष मध्य क्षोभमंडल में 5.8 किलोमीटर पर 74 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में स्थित है। प्रदेश में कल दिनांक 18 दिसंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने कारण, वातावरण में नमी की मात्रा घटने की प्रबल संभावना है, फलतः न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर प्रारंभ होने संभावना है। जो 21 दिसंबर तक जारी रहने की सम्भावना है। इस अवधि में न्युनतम तापमान में 2 डिग्री के आसपास गिरावट हो सकती है। अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। किन्तु हल्की गिरावट संभावित है
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 25 दिसंबर से ठंड थोड़ी और बढ़ेगी। साथ ही जनवरी से शीतलहर के आसार है। शनिवार को रायपुर सहित प्रदेश भर का मौसम शुष्क रहा। आउटर व ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही अब शहरी क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ने लगी है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में सुबह सुबह कोहरे का असर भी दिखने लगा है।