छत्तीसगढ़

बच्चों के विवाद में कूदे बड़े, एक ने लाइसेंसी रायफल से की हवाई फायरिंग

रायपुर। दुर्ग जिले के जामुल थाना इलाके में बच्चों के विवाद में बड़े कूद पड़े। इस दौरान एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी रायफल से हवाई फायरिंग कर दी। घटना जामुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ढांचा भवन कुरुद कॉलोनी में हुई।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पालतू कुत्ते को एक बच्चे ने मार दिया तो दूसरे बच्चे ने इसका विरोध किया। बच्चों के झगड़े में दोनों बच्चे के परिजन कूद पड़े। इसी बीच एक ने अपनी लाइसेंसी रायफल से हवा में एक राउंड फायरिंग कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रायफल जब्त कर लिया है।

जामुल पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के ढांचा भवन कॉलोनी में दो बच्चों के बीच कुत्ते को मारने को लेकर बहस हो गई और यह बहस काफी बढ़ गई। दोनों बच्चे आपस में झगड़ा कर रहे थे। इस बीच बच्चों के पिता मौके पर पहुंच गए और अब इन दोनों में ठन गई। दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार में इनमें से एक नंदू बघेल और दूसरा नागेंद्र सिंह है।

विवाद बढ़ने के बाद नागेंद्र सिंह अपने घर से रायफल उठा लाया और नंदू को डराने के लिए हवा में चला दी। फायरिंग के बाद आसपास हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर जामुल थाने के निरीक्षक याकूब मेमन ने नागेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर रायफल को जब्त कर लिया। वहीं पुलिस इस मामले में प्रारंभिक कार्रवाई के बाद आगे की कार्रवाई कर रही है। साथ दोनों पक्षों से पूछताछ भी की जा रही है।