ACB की नई टीम की पहली कार्रवाई... घूसखोर पटवारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले की ACB टीम ने घूसखोर पटवारी को एक ग्रामीण से रिश्वत लेते हुए धर दबोचा। मौके पर की गई इस कार्रवाई के बाद टीम ने पटवारी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला सूरजपुर जिले के पटवारी पहनं- 17 तेलईमुड़ा एवं प्रभारी पटवारी, पहनं-02, ग्राम गोविंदपुर, तहसील रामानुजनगर का है, जहां के पटवारी रामगोपाल साहू को प्रार्थी सुनील कुमार सिंह से 3000 रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया है।
ACB की टीम के मुताबिक गोविदपुर, तहसील रामानुजनगर, जिला सूरजपुर के सुनील कुमार सिंह ने एन्टी करप्शन ब्यूरो, अंबिकापुर में शिकायत की थी, कि उसकी पैतृक भूमि में फौती चढ़ाने और राजस्व रिकार्ड में दुरूस्त कराने के नाम पर 5 से 10 हजार रूपये रिश्वत की मांग की गई।
सुनील सिंह को पटवारी ने कहा था कि पैसा तो देना ही पड़ेगा, पैसे दोगे तभी तुम्हारा काम होगा। पीड़ित की शिकायत का सत्यापन कर ACB की टीम ने आरोपी पटवारी को रिश्वत लेते धरदबोचा। बता दें कि छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व में चली कांग्रेस की सरकार के दौरान ACB और EOW की करवाई लगभग बंद हो गई थी। आलम यह था कि लगभग दो साल के दौरान राज्य सरकार की इस एजेंसी में केवल एक ही प्रकरण दर्ज किया गया था। प्रदेश में भाजपा की सरकार के आने के बाद ACB और EOW की टीम में पूरा बदलाव किया गया और IPS अमरेश मिश्रा को इसकी कमान सौंपी गई। वर्तमान में EOW की टीम जहां एक ओर विभिन्न घोटालों में मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है, वहीं ACB की टीम द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ सूरजपुर में की गई यह पहली कार्रवाई है, जिसमें एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है।