दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में स्वास्थ्य शिविर आज, शिविर में आयुष्मान कार्ड और जीवन प्रमाणपत्र बनाने की भी सुविधा

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल रविवार, 24 नवंबर को सुबह 10:00 बजे से चौबे कालोनी स्थित मंडल परिसर में ही स्वास्थ्य शिविर लगाने जा रहा है। शिविर ग्लोबल स्टार हास्पिटल के सौजन्य से लगेगा। 
 
स्वास्थ्य शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. प्रकाश अग्रवाल, डा जयवर्धन सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. नुपूर खंडेलवाल, बाल रोग विशेषज्ञ डा. अभिषेक खंडेलवाल, न्यूरो सर्जन डा. अमित शुक्ला, मूत्र रोग विशेषज्ञ डा. गौरव मालवी, पेट एवं आंत रोग विशेषज्ञ डा. सोनल बघेल, जनरल सर्जन डा. विशाल बाल मोहंती और एमडी मेडिसिन डा. शेखर डोरले उपस्थित रहेंगे। डाक्टरों की इतनी बड़ी टीम के साथ अस्पताल स्टाफ, लैब टैक्निशियन, नर्स भी शिविर में अपनी निःस्वार्थ सेवाएं देंगे। यानी एक ही समय में एक छत के नीचे कई रोगों की जांच और निःशुल्क परामर्श मिलेगा। 
 
संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्रभारी एवं शिविर के संयोजक परितोष डोनगांवकर ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर के साथ जरूरतमंदों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा और डिजीटल जीवन प्रमाणपत्र अपडेट किया जाएगा। डोनगांवकर के अनुसार केंद्र सरकार ने आयुष्मान योजना के तहत बुजुर्गों को पांच लाख तक इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई है। जिन लोगों ने अपना आयुष्मान कार्ड नहीं बनया है, वह शिविर में आकर अपना कार्ड बना सकते हैं।
 
इसके लिए बुजुर्गों को राशन कार्ड और आधार कार्ड साथ में लाना होगा। वहीं पेंशनधारी बुजुर्ग डिजीटल जीवन प्रमाणपत्र अपडेट करा सकते हैं। पेशनधारियों को अपने साथ आधार कार्ड, पीपीओ नंबर और बैंक पासबुक अनिवार्य रूपप से लाना होगा। स्वास्थ्य सेवा समिति के प्रभारी प्रशांत बक्षी ने कहा कि स्वास्थ्य शिविर में लोगों की बीपी, शुगर के साथ अन्य कई जांच की जाएगी। वहीं वरिष्ठ डाक्टर लोगों को उचित स्वास्थ्य परामर्श भी देंगे।