फिजियोथैरेपी के लिए आए मासूम का महाराष्ट्र मंडल ने मनाया जन्मदिन
2024-12-21 09:10 PM
580
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल ने शनिवार को फिजियोथैरेपी में अपना इलाज करवा रहे चार वर्षीय मासूम बच्चे का जन्मदिन मनाया। बच्चे की मुस्कुराहट ने बताया की इस आकस्मिक सेलिब्रेशन से उसे कितना आत्मविश्वास मिला, खुशी मिली।
पाटन के पास ग्राम गभरा का बच्चा सानव्य वर्मा जन्म के बाद से जमीन पर अपना पैर अच्छी तरह नहीं रख पा रहा था। लगभग ढाई साल की लगातार फिजियोथेरेपी के बाद अब बच्चा अपनी मां का हाथ पकड़ कर चलने की स्थिति में आ गया है।महाराष्ट्र मंडल के फिजियोथेरेपिस्ट गत एक वर्ष से उसे ठीक करने में जुटे हुए हैं। प्रतिदिन लगभग एक घंटे तक उसे सानव्य की मां पूजा और फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. संगीता कश्यप लगातार उसे चलने का अभ्यास कराती हैं। पैरों की मालिश करने के अलावा विविध उपकरणों से उसके पैर को व्यवस्थित व मजबूत करने के लिए भी प्रयास जारी है।
शनिवार को सानव्य ने मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले, संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर, वरिष्ठ आजीवन सभासद एडवोकेट प्रशांत देशपांडे, सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी सहित कई पदाधिकारियों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। उसे विभिन्न प्रकार की टाॅफी समेत मनपसंद बिस्किट्स का एक गिफ्ट पैक भी दिया गया। डंगनिया निवासी बच्चा अपने जन्मदिन के सरप्राइज आयोजन से अत्यंत खुश हुआ। सानवय की मां पूजा वर्मा व पिता तुकाराम वर्मा ने महाराष्ट्र मंडल के समस्त पदाधिकारियों का आभार जताया।