दिव्य महाराष्ट्र मंडल

रामरक्षा स्‍त्रोत व हनुमान चालीसा पाठ का एक वर्ष पूर्ण.... 4 जनवरी को मंडल में वृहद आयोजन

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल की आध्‍यात्मिक समिति की ओर से रामरक्षा स्‍त्रोत और हनुमान चालीसा पाठ अभियान शनिवार, 28 दिसंबर को एक साल पूरा हो गया। मंडल के सभी 16 महिला केंद्रों की सभासद समीपस्‍थ हनुमान मंदिरों या किसी सभासद के घर आस्‍था काले के नेतृत्‍व में छह जनवरी 2024 से हर शनिवार की शाम को रामरक्षा स्‍त्रोत और हनुमान चालीसा पाठ कर रही हैं। अब एक साल पूरा होने पर चार जनवरी 2025 को शाम सात बजे एक भव्‍य आयोजन चौबे कालेानी ‍स्‍थि‍त महाराष्‍ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्‍वर सभागृह में होगा।

आध्‍यात्मिक समिति की कार्यकारी प्रमुख रेणुका पुराणिक ने बताया कि चार जनवरी को सभी 16 केंद्रों की महिलाएं संयुक्‍त रूप से रामरक्षा स्‍त्रोत और हनुमान चालीसा का पाठ करेंगी। तत्‍पश्‍चात महाआरती की जाएगी और फि‍र महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। कार्यक्रम में सभी समितियों के पदाधिकारियों- सदस्यों और कार्यकारिणी के अलावा बड़ी संख्‍या में आजीवन सभासद और आम भक्‍तजन भी उपस्थित रहेंगे। 

बृहन्‍महाराष्ट्र मंडल के छत्‍तीसगढ़ कार्यवाह सुबोध टोले के अनुसार कार्यक्रम के तुरंत बाद 10 जनवरी से शुरू होने वाले तीन दिवसीय बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल के राष्‍ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर बैठक भी होगी। इसमें अधिवेशन को लेकर अभी तक हुई तैयारियों की समीक्षा की जाएगी और जरूरत पड़ी तो आयोजन को लेकर बनाई गई विभिन्‍न समितियों में कुछ और कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा या इसमें फेरबदल भी किया जा सकते हैं। बताते चले कि बृहन्महाराष्‍ट्र मंडल की ओर से दो बार सर्वश्रेष्‍ठ महाराष्‍ट्र मंडल का अवार्ड जीत चुके रायपुर के महाराष्‍ट्र मंडल में पहली बार राष्‍ट्रीय अधिवेशन होने जा रहा है।