दिव्य महाराष्ट्र मंडल

सावरकर, शिवाजी महाराज से अहिल्‍या बाई तक के किरदार मंच पर हुए जीवंत

0 - बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल के राष्‍ट्रीय अधिवेशन में सांस्‍कृतिक कार्यक्रमों में छा गए छत्‍तीसगढ के महाराष्‍ट्र मंडल

रायपुर। बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल का 73वें राष्‍ट्रीय अधिवेशन में छत्‍तीसगढ के महाराष्‍ट्र मंडलों ने कमाल की प्रस्‍तुतियां दीं। महाराष्‍ट्र मंडल रायगढ़ के नृत्‍य मंजरी ग्रुप का ‘हमारी संस्‍कृति हमारे त्‍योहार’ थीम पर मंचन कमाल का रहा। इसमें नीलू बोंडे, सारिका कलमकर, वैशाली मोडक, मीनल देशमुख, रक्षा मोडक, मीनाक्षी आगाशे, नेहा गुडधे, संपदा तामस्कर ने नृत्‍य कौशल से तीज-त्‍योहारों के साथ संस्‍कृति के महत्‍व को भी मंचित किया। 

इसी तरह महाराष्‍ट्र मंडल भिलाई सेक्‍टर की ओर से प्रस्‍तुत ‘अनादि मैं अनंत मैं’ के अंतर्गत विनायक दामोदर सावरकर की जीवनी को पूरी संवेदना के साथ प्रस्‍तुत किया गया। इसमें अजय डांगे, कवीश गोखले, नीलिमा सगदेव, नीहिरा जोशी बेहतरीन अदाकारी व संवाद अदायगी के साथ अपनी भूमिकाओं जंचे।

महाराष्‍ट्र मंडल बिलासपुर के माय भवानी ग्रुप की शीतल देवपुजारी, स्वरांगी देवपुजारी, भारती रागिणवार ने जबर्दस्‍त ऊर्जा के साथ गोधल पेश किया। 

रायपुर महाराष्‍ट्र मंडल की युवा समिति ने छत्रपति शिवाजी महाराज के बचपन से लेकर जवानी तक के विभिन्‍न प्रसंगों को पूरी शिद्दत के साथ नृत्‍य नाटिका के रूप में मंच पर जीवंत किया। बाल शिवाजी की भूमिका में अमोघ बाबर और युवा शिवाजी बने शुभम् पुराणिक ने लोगों को प्रभावित किया।

अन्‍य भूमिकाओं में रीना बाबर, श्रावणी मुकादम, तन्‍मय बक्षी, विनोद राखुंडे, शिल्‍पा राखुंडे, शुचिता देशमुख, विशाल डांगे, सोनल पेदे, करिश्‍मा अंजनकर समेत सभी कलाकारों ने अपनी भूमिकाओं में न्‍याय किया। महाराष्‍ट्र मंडल कोरबा के अलावा महाराष्‍ट्र मंडल रायपुर की महिला समितियों की ओर से विशाखा तोपखानेवाले के निर्देशन व रंजन मोडक के मार्गदर्शन में राजमाता अहिल्‍या बाई नाटिका की प्रस्‍तुति सराही गई।