संत श्री गजानन महाराज का प्रगट दिवस महोत्सव 20 फरवरी को
- सात दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन हो रहा श्री गजानन विजयग्रंथ का परायण
रायपुर। तात्यापारा स्थित संत श्री गजानन महाराज (शेगांव) संस्थान रायपुर द्वारा ‘संतश्री’ का प्रगट दिवस महोत्सव 16 फरवरी से मनाया जा रहा है। कलश स्थापना के साथ शुरू हुआ महोत्सव 22 फरवरी को भव्य शोभायात्रा और महाप्रसादी के साथ संपन्न होगा।
संत श्री गजानन महाराज (शेगांव) संस्थान रायपुर के उपाध्यक्ष जयंत तापस ने बताया कि प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी संत श्री गजानन महाराज (शेगांव) संस्थान रायपुर द्वारा ‘संतश्री’ का प्रगट दिवस महोत्सव 16 फरवरी से 22 फरवरी तक धूमधाम से मनाया जाएगा।
जयंत तापस ने आगे बताया कि रविवार, 16 फरवरी को सुबह 9 बजे से श्रीकलश स्थापना, षोडशोपचार पूजन, सहस्त्रवर्तन अभिषेक, महाआरती और प्रसाद वितरण किया गया। दूसरे दिन सोमवार 17 फरवरी को सुबह सहस्त्रभिषेक और सहस्त्रवर्तन संपन्न हुआ। शाम को सौ. प्रज्ञा कुलकर्णी नागपुर द्वारा संतश्री का कीर्तन किया जाएगा। तीसरे दिन मंगलवार 18 फरवरी को को सुबह 8.30 बजे सहस्त्रभिषेक पूजा-अर्चना और शाम को 8.30 बजे से 101वां पाठ वरदान केसरी ग्रुप द्वारा श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। चौथे दिन बुधवार, 19 फरवरी को सुबह सहस्त्रभिषेक और शाम को चैतन्य जोगळेकर और सौमैंद्र फड़के द्वारा सुगम संगीत पेशा किया जाएगा।
तापस ने आगे बताया कि पांचवें दिन गुरुवार 20 फऱवरी को संतश्री के प्रगट दिवस पर सुबह 5 बजे श्री गजानन विजय ग्रंथ का सामुहिक परायण किया जाएगा। 8.30 बजे सहस्त्रभिषेक और सुबह 10 बजे श्रीगणेश याग उपरांत आरती होगी। इसी दिन शाम को 8.00 बजे सामूहिक महाआरती का आयोजन किया जाएगा। वहीं आरती के उपरांत प्रज्योत देवास्कर मुंबई द्वारा भजन प्रस्तुत किया जाएगा। शुक्रवार 21 फरवरी को महाप्रसाद के दिन सुबह सहस्त्रभिषेक और सत्यनारायण की कथा होगी। कथा के उपरांत दोपहर1 बजे से भाजी भाकर (भंडारा) का आय़ोजन किया गया है। महाप्रसाद के पुण्य फल के भागी बनने के लिए भक्तगण 18 फरवरी के पूर्व मंदिर कार्यालय में महाप्रसाद के लिए शिघा आटा जमा कर सकते है।
कार्यक्रम के अंतिम दिन शनिवार 22 फरवरी को सुबह 8.30 बजे सहस्त्रभिषेक पूजन, शाम को 4 बजे महिलाओं द्वारा भजन की प्रस्तुति दी जाएगी। शाम 6 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होगी। पालकी के बाद आरती और गोपाल काला प्रसाद का वितरण किया जाएगा। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।