दिव्य महाराष्ट्र मंडल

खुद को ‘पेन’ देंगे तभी ‘गेन’ करेंगे: काले

0- महाराष्‍ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्‍वर विद्यालय में बारहवीं के बच्‍चों के लिए हुआ विदाई समारोह

रायपुर। संत ज्ञानेश्‍वर विद्यालय में शनिवार को बारहवीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले बच्‍चों के विदाई समारोह में महाराष्‍ट्र मंडल के अध्‍यक्ष अजय काले ने लक्ष्‍य निर्धारित कर और समय सारिणी बनाकर पढ़ाई करने का सुझाव दिया। इस मौके पर स्‍कूल प्रभारी परितोष डोनगांवकर, उप प्रभारी नवीन देखमुख भी उपस्थित रहे।
काले ने कहा कि विद्यार्थियों को एक बात हमेशा याद रखना चाहिए कि उनके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। जरूरत सिर्फ उनके जिद, जुनूनी प्रयासों की है। याद रहे आपका परीक्षा परिणाम हर हालत में ऐसा हो, जिस पर आपके माता-पिता को गर्व हो। उन्‍होंने कहा कि क्‍लास रूम में गुरुजनों की कही गई बातों, दिशा-निर्देशों और परीक्षा को लेकर मिले टिप्‍स को दिमाग में रखकर पढ़ाई करें और परीक्षा में उत्‍तर देते समय भी इन्‍हीं बातों का विशेष ध्यान दें। अजय काले ने कहा कि परीक्षा एक तरह की तपस्‍या है और इसमें सबसे पहले आपके समर्पण अर्थात त्‍याग की आहूति देनी होती है। आप स्‍वयं को टीवी, मोबाइल, सोशल मीडिया से दूर रहकर एक तरह का त्‍याग ही करेंगे। कहावत भी है कि जब खुद को 'पेन' देंगे तभी कुछ 'गेन' करेंगे।
 
महाराष्‍ट्र मंडल के अध्‍यक्ष ने बताया कि किस तरह उन्‍होंने (ग्‍यारहवीं) मैट्रिक परीक्षा की तैयारी में महीनों पहले सब कुछ भूलाकर दिन-रात एक कर दिया था। उसके बाद भी मध्‍य प्रदेश माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड की मैट्रिक की परीक्षा में वे मात्र दो अंकों से मेरिट लिस्‍ट में जगह बनाने से चूक गए थे, लेकिन अपने शासकीय बहु उद्देश्‍यीय उच्‍चर माध्‍यमिक शाला रायपुर में प्रथम आए थे। उन्‍होंने कहा कि आपके अभिभावकों को आपसे बहुत की अपेक्षाएं हैं और मैं यह उम्‍मीद करता हूं कि आपमें से कोई भी बच्‍चा उन्‍हें निराश नहीं करेगा, दुखी नहीं करेगा। विदाई समारोह में काले ने बच्‍चों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने आभार व्‍यक्‍त किया।