दिव्य महाराष्ट्र मंडल

पुननिर्मित सखी निवास और सेनेटरी पेड मशीन का उद्घाटन

- बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्षा वर्णिका शर्मा ने किया शुभारंभ

रायपुर। वीर सावरकर जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित कामकाजी महिला वसती गृह यानी सखी निवास रिनोवेशन के बाद उद्घाटन छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्षा वर्णिका शर्मा ने किया। इसके साथ  उन्होंने सखी निवास में रहने वाली बच्चियों के लिए सेनेटरी पेड मशीन का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने सखी निवास का निरीक्षण किया, इस दौरान  सखी निवास प्रभारी नमिता शेष ने उन्हें बताया कि 1982 में शुरू हुए यह अविभाजित मध्यप्रदेश का पहला वर्किंग वूमन हास्टल है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ स्वाभिमान संस्थान के संस्थापक डा. उदयभान सिंह थे। विशेष अतिथि के रुप में छत्तीसगढ़ अग्रवाल समाज के वरिष्ठ कार्यकर्ता कपिल नारायण अग्रवाल उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने की।

स्वातंत्र्य वीर विनायक दामोदर सावरकर की 142वीं जयंती महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में मनाई गई। इस दौरान मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय से बोर्ड की मेरिट सूची में आने वाले बच्चों का सम्मान और हैदराबाद में हुए अंतरराष्ट्रीय रिंग फाइट में छह गोल्ड, एक सिल्वर और दो ब्रांज मेडल जितने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में प्रमुख भूमिका निभाने वाले और छत्तीसगढ़ स्वाभिमान संस्थान के संस्थापक डा. उदयभान सिंह ने कहा कि वीर सावरकर भारत के क्रांतिकारी, स्वतंत्रता सेनानी, चिन्तक, समाजसुधारक, इतिहासकार, कवि, ओजस्वी वक्ता तथा दूरदर्शी राजनेता थे। आज मैं यहां अतिथि नहीं सिर्फ एक सामान्य व्यक्ति हूं। कार्यक्रम के विशेष अतिथि छत्तीसगढ़ अग्रवाल समाज के वरिष्ठ कार्यकर्ता कपिल नारायण अग्रवाल ने कविता और वीर सावरकर को एक सूत्र में पिरोया। उन्होंने कविता के माध्यम से एक बच्चे, युवा, गृहिणी, स्त्री और प्रोफेशनल की भूमिका की व्याख्या की। कार्यक्रम का संचालन मंडल उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल और आभार प्रदर्शन सचिव चेतन दंडवते ने की।