दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल शिवाजी राज्‍याभिषेक दिवस तात्‍यापारा चौक पर मनाएगा 9 जून को

0- 365 दीयों की महाआरती के दौरान फैंसी ड्रेस में दिखेंगे बच्चे, सभा में होगी शिवराया पर चर्चा
रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल हिंदवी स्‍वराज स्थापना दिवस, शिवाजी महाराज का 352वां राज्याभिषेक दिवस समारोह नौ जून, जेष्ठ शुक्ल 13, सोमवार, शाम 6.30 बजे तात्यापारा चौक पर आयोजित किया है। युवा सम‍िति के समन्‍वयक विनोद राखुंडे ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज की घोडे़ पर सवार भव्‍य प्रतिमा के सामने मंडल के सभासद शंखनाद करेंगे। 
 
राखुंडे के मुताबिक शंखवाद के बाद घी के 365 दीयों के साथ शिवाजी महाराज की महाआरती की जाएगी। महाआरती के बाद आसमानी आतिशबाजी का लुत्‍फ लिया जा सकेगा। इस मौके पर पांच से 15 वर्ष की आयु के बच्‍चे शिवाजी महाराज और उनके स्‍वजनों के फैंसी ड्रेस के साथ मंच पर अपने पात्र का परिचय देते हुए बताएंगे कि शिवाजी महाराज के जीवन में उनकी (पात्र) क्‍या भूमिका व महत्‍व था। कार्यक्रम में छत्रपति शिवाजी महाराज से सीखने योग्‍य बातें विषय पर विशेषज्ञ वक्‍ता संबोधित करेंगे। 
 
मंडल अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि कार्यक्रम में मंडल के कार्यकारिणी सदस्‍यों, विभिन्‍न समितियों के पदाधिकारियों व सदस्‍यों, तमाम महिला केंद्रों की संयोजिकाएं- सह संयोजिकाएं के अलावा मराठा, कुनबी, तेली, स्‍वर्णकार, कलार सहित विभिन्‍न मराठी समाजों के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ- साथ सदस्‍यगण शामिल होकर सामाजिक एकता का परिचय देंगे।