हिंदी की स्वदेशी पत्रकारिता पर एक दिवसीय संगोष्ठी 19 जून को
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल रायपुर, छत्तीसगढ़ मित्र एवं छत्तीसगढ़ साहित्य एवं संस्कृति संस्थान की ओर से पं माधवराव सप्रे जयंती समारोह के उपलक्ष्य पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन महाराष्ट्र मंडल के छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह में गुरूवार 19 जून को शाम चार बजे किया जा रहा है। संगोष्ठी का विषय हिंदी की स्वदेशी पत्रकारिता है।
महाराष्ट्र मंडल की साहित्य एवं भाषा प्रचार समिति प्रभारी सुश्री कुमुद लाड ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी रायपुर के अध्यक्ष शशांक शर्मा होंगे। अध्यक्षता वरिष्ठ भाषाविद् डा. चितरंजन कर करेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रुप में वरिष्ठ साहित्यकार गिरीश पंकज और महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले उपस्थित रहेंगे।
कुमुद लाड ने आगे बताया कि इस अवसर इंदौर से प्रकाशित वीणा के संपादक राकेश शर्मा को छत्तीसगढ़ मित्र पं. माधवराव सप्रे साहित्यिक पत्रकारिता सम्मान से नवाजा जाएगा। वहीं छत्तीसगढ़ मित्र के जून अंक को विमोचन भी होगा। इसके साथ डा. सीमा अवस्थी और डा. सीमा निगम द्वारा लिखित आपरेशन सिंदूर, डा. सुरेंद्र कुमार तिवारी द्वारा लिखित KABUI GRAMMAR AND VOCABULARY, डा ऋचा यादव द्वारा लिखित पर्यावरणीय मुद्दे और सामाजिक परिपेक्ष्य और दीप्ती श्रीवास्तव द्वारा लिखित मां उदास क्यूं है का विमोचन भी किया जाएगा।
पं. माधव राव सप्रे शोध केंद्र के सचिव डा, सुधीर शर्मा और छत्तीसगढ़ साहित्य एवं संस्कृति संस्थान के कोषाध्यक्ष डा. सुरेश शुक्ला ने बताया कि इस अवसर पर मराठी और हिंदी लेखक प्रो. आरडी हेलोडे, प्रो. अनिल काळेले, भाउराम ढोमने, शशि वरवंडकर रायपुर से और अनिता करडेकर व त्र्यंबक राव साटकर भिलाई का सम्मान किया जाएगा।