दिव्य महाराष्ट्र मंडल

शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बनाए रखने का उत्तम साधन हैं योगः आस्था

रायपुर। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र मंडल रायपुर ने आरोग्य मंदिर के साथ मिलकर महराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में वृहद योग का आयोजन किया। सुबह 6.30 बजे शुरू हुआ योग 8.30 बजे समीक्षा टोले और वर्तिका क्षीरसागर के चंद्र नमस्कार के साथ पूरा हुआ।

इस दौरान बड़ी संख्या में आरोग्य मंदिर संस्थान और महाराष्ट्र  मंडल के सदस्यों ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। योग के उपरांत सभी अनार मिश्रित मूंग सलाद, चना और मूंगफल्‍ली से बना हुआ प्रोटीन पंच, केला, नींबू, शहद- पानी दिया गया। योग करने के बाद इसे स्‍वास्‍थ्‍यवर्धक व पोषक अल्‍पाहार माना जाता है।

महाराष्ट्र मंडल के योग समिति की समन्वयक आस्था अभय काले ने सभी को प्राणायाम और ध्यान कराया। उन्होंने कहा कि योग को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बनाए रखने  का उत्तम साधन माना गया है।

यह भारत की प्राचीन परंपरा है। हमारे ऋषि-मुनियों ने इसके महत्व को बहुत पहले से ही जान लिया था। अब पूरा विश्व योग का महत्व समझ रहा है।

उन्होंने कहा है कि योग मूल रूप से शरीर, मन और आत्मा को शुद्ध करने की एक प्रक्रिया है। योग स्वस्थ, तनावमुक्त और अनुशासित जीवन जीने की एक शैली है।

आरोग्य मंदिर के एमडी और 24वर्षों के अनुभव के साथ प्राकृतिक चिकित्सा, योग और फिटनेस विशेषज्ञ डॉ. विवेक भारतीय योग की शुरूआत करते हुए इसके फायदे लोगों को बताए। उन्होंने सभी से निरोगी और स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग करने की बात कहीं।

शारीरिक ऊर्जा, स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता के विकास पर योग का काफी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलता है। उन्होंने लोगों से योग को जन-जन तक पहुंचाने और इसे जीवन शैली का हिस्सा बनाने की अपील की है।