दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में तीज महोत्सव का जोशीला आयोजन... रिमिक्स गीतों पर थिरकीं महिलाएं, सोनल बनीं सावन साम्राज्ञी

- शिप्रा आष्टीकर सावन सुंदरी और संचिता देशपांडे चुनीं गई सावन परी
 
 
रायपुर। सावन का महीना और शिव तांडव स्त्रोत सुनने को न मिले, ऐसा हो ही नहीं सकता। गुरुवार को महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में जब सुंदर नगर महिला केंद्र की टीम ने शिव तांडव पर नृत्य प्रस्तुत किया, तो पूरा हाल शिव शंकर जयकारे से गूंज उठा। प्रतिभागियों ने आशुतोष, शशांक शेखर, चंद्रमौली चिंदबरा, कोटि- कोटि प्रणाम शंभू.. कोटि नमन दिगंबरा... के साथ आकर्षक वेशभूषा में नयनाभिराम नृत्य प्रस्तुत किया। 
 
 
इस अवसर 16 श्रृंगार प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसमें डंगनिया केंद्र की सोनल फडनवीस सावन साम्राज्ञी, टाटीबंध केंद्र की संचिता देशपांडे सावन परी और वल्लभ नगर केंद्र की शिप्रा आष्टीकर सावन सुंदरी चुनीं गईं। चार घंटे तक चले इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र मंडल का खचाखच भरा संत ज्ञानेश्वर सभागृह पूरी तरह शिव भक्ति में डूबा नजर आया। 
 
कार्यक्रम का शुभारंभ सड्डू केंद्र की महिलाओं ने गोविंदा आला रे... आला.. गीत के साथ की। राधा- कृष्ण के इस नृत्य ने सावन में हरि का सुमिरन करा दिया। रोहिणीपुरम केंद्र की महिलाओं ने पार्वती बोली शंकर से, ताल से ताल मिला और सावन में मोरनी बनकर गीतों के साथ सुंदर नृत्य की प्रस्तुति दी। अमलीडीह केंद्र की महिलाओं ने राउत नाचा प्रस्तुत कर छत्तीसगढ़ी संस्कृति का प्रतिनिधित्व किया। डंगनिया केंद्र की टीम ने गरबा की शानदार प्रस्तुति दी। 
 
इससे पूर्व दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डा. युसुफ मेनन, सीनियर कैंसर सर्जन संजीवनी कैंसर केयर, डॉ. मौनी राय सीनियर कैंसर सर्जन संजीवनी कैंसर केयर, डाॅ. संगीता नागराज शिशुरोग विशेषज्ञ, मंजूषा संत समाजसेविका, नितिन सोनी श्री ज्वेर्ल्‍स और महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने किया।
 
 
डॉ. मौनी राय महिलाओं को होने वाले कैंसर के बारे में ज्ञानवर्धक जानकारी देते हुए सभी को जागरूक किया। उन्होंने नौ से 15 साल तक की बच्चियों को दो शॉट वैक्सीन लगवाने की अपील भी की, ताकि ये बच्चियां आगे चलकर कैंसर जैसी भयानक बीमारी से सुरक्षित रह सकें। बताते चले कि हरतालिका तीज उत्सव का आयोजन महाराष्ट्र मंडल के अवंती विहार, देवेंद्र नगर, शंकर नगर व सड्डू- मोवा केंद्र की ओर से किया गया। 
 
 
प्रतिभागियों से पूछे रोचक सवाल
16 श्रृंगार प्रतियोगिता में जज की भूमिका मैट्स यूनिवर्सिटी के फैशन डिजायनिंग विभाग की प्रमुख परविंदर कौर और कुकिंग एकेडमी की एकडमिक डायरेक्टर आकांक्षा राय ने अदा की। स्पर्धा की तीसरे राउंड में जजों ने सभी प्रतिभागियों से रोचक सवाल पूछे। सभी सवाल महिलाओं के 16 श्रृंगार में प्रयोग होने वाले आभूषणों की वैज्ञानिक और धार्मिक मान्यता से संबंधित थे। जिनका प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ रोचक अंदाज में जवाब दिया। 
 
दिखी कई प्रांतों की झलक
16 श्रृंगार प्रतियोगिता में 21 प्रतिभागियों ने अलग- अलग देश प्रांत का प्रतिनिधित्व किया। इसमें मराठी, गुजराती, बंगाली, पंजाबी, राजपूताना और छत्तीसगढ़ की झलक भी नजर आई। सभी प्रतिभागियों ने अपना परिचय भी जोशीले अंदाज में दिया।