दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रीगणेश प्रतिमा स्थापित

0- 90 वर्ष पुरानी परंपरा के अनुसार ही शहीद मेजर यशवंत गोरे स्‍मृति गणेशोत्‍सव में पूरे 10 दिन विविध कार्यक्रम
0 पहली बार मंडल में मुंबई के ‘लालबाग चा राजा गणपति’ प्रतिमा प्रतिष्ठित की गई, इसे मनोकामना पूरी करने वाला श्रीगणेश भी कहा जाता है

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में आचार्य चेतन गोविंद दंडवते ने यजमान विकास तामस्‍कर और विनोद शेष के साथ मिलकर प्रथम पूज्य गणपति बप्पा की प्रतिमा प्रतिष्ठित कराई। इस तरह 90 वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुरूप 10 दिवसीय विविध कार्यक्रमों वाले शहीद मेजर यशंवत गोरे स्‍मृति महाराष्‍ट्र मंडल गणेशोत्सव का शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर शालेय शिक्षा सचिव कोमल सिंह परदेशी सपरिवार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
 
 
मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन ने बताया कि लालबाग के राजा की विशेष मनोकामना गणपति प्रतिमा की स्‍थापना के बाद आस्था काले के नेतृत्व में आध्यात्मिक समिति के सदस्यों व उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक अथर्वशीर्ष पाठ किया। महाआरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। 
 
इस मौके पर सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने कहा कि मनोकामना पूरी करने वाले 'लाल बाग का राजा' अगले 10 दिनों में आपकी भी मनोकामना पूरी करेंगे, यह विश्‍वास आप सभी रखिए। गणेशोत्‍सव के तुरंत बाद यहीं महाराष्‍ट्र मंडल में छह सितंबर से ही श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। मुंबई के प्रसिद्ध कथावाचक गुरुवर आचार्य धनंजय शास्‍त्री वैद्य के सानिध्‍य में होने वाली कथा में भी आपकी सपरिवार उपस्थिति अपेक्षित है।
 
 
मंडल अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि गणेशोत्‍सव के दौरान अगले 10 दिनों में ऐसे बहुत से कार्यक्रम होंगे जो शायद आपकी पसंद के न हों, फिर भी आपको सपरिवार कार्यक्रम देखने आना चाहिए क्‍योंकि सभी कार्यक्रम सभी के पसंद के नहीं हो सकते। कल यदि आपके कार्यक्रम मंच पर प्रस्‍तुत किए जाएंगे तो आपकी भी सभी दर्शकों से यहीं अपेक्षा होगी।
 
 
महाराष्‍ट्र मंडल गणेशोत्‍सव में गुरुवार को सुबह 10:30 बजे ‘अगले 10 वर्षों में महाराष्‍ट्र मंडल’ विषय पर परिचर्चा का आयोजित की गई है। परिचर्चा के संयोजक श्‍याम सुंदर खंगन के अनुसार इसमें कार्यकारिणी सदस्‍यों, तमाम समितियों के पदाधिकारियों, महिला केंद्रों की संयोजिकाओं व सह संयोजिकाओं के साथ आजीवन सभासद भी इसमें अपनी परिकल्‍पनाओं का महाराष्‍ट्र मंडल बताने के लिए आमंत्रित हैं।