रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में आयोजित शहीद मेजर यशवंत गोरे स्मृति गणेशोत्सव के आयोजनों की श्रृंखला में एक सितंबर को दोपहर 12 बजे से स्कूली बच्चों के लिए नगर स्तरीय सुलेख, निबंध, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई है। युवा समिति के समन्वयक विनोद राखुंडे ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।
युवा समिति की प्रमुख डॉ. शुचिता देशमुख के मुताबिक इन विविध स्पर्धाओं में हर वर्ष बड़ी संख्या में बच्चे भाग लेते हैं। मंडल के संत ज्ञानेश्वर विद्यालय, छत्रपति शिवाजी इंग्लिश मीडियम स्कूल, रेडियंट वे स्कूल, राजकुमार कालेज, भारत माता स्कूल, बालाजी स्कूल जैसे कई बड़े स्कूलों के 150 से अधिक बच्चे भाग लेते हैं। इस वर्ष भी स्कूल प्रबंधन की ओर से बच्चों की सूची भेज दी गई है।
डॉ. शुचिता के अनुसार प्रतिस्पर्धा में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को महाराष्ट्र मंडल की ओर से प्रमाण पत्र दिया जाएगा। वहीं विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं, उप विजेताओं और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र के साथ आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।