‘महालक्ष्मी’ के नृत्य ने खूब बटोरीं तालियां... अदिति के भरतनाट्यम ने किया मंत्रमुग्ध
2025-09-01 11:23 AM
183
- शहीद मेजर यशवंत गोरे स्मृति गणेशोत्सव में मंडल के प्रकल्पों ने दी प्रस्तुति
- दिव्यांग बालिका विकास गृह की बच्चियों ने खूब बटोरी वाहवाही

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में शहीद मेजर यशवंत गोरे स्मृति गणेशोत्सव में आयोजनों की श्रृंखला में रविवार, 31 अगस्त को मंडल के प्रकल्पों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। मंडल के प्रकल्प, महाराष्ट्र मंडल मुख्यालय, संत ज्ञानेश्वर स्कूल (एसडीवी), सखी निवास (कामकाजी महिला वसती गृह) और दिव्यांग बालिका विकास गृह की बच्चियों ने मनमोहक प्रस्तुति दी। मंडल के प्रकल्पों की टीमों ने एकल और समूह नृत्य के साथ गाने और श्लोक की शानदार प्रस्तुति दी।

महाराष्ट्र मंडल की ओर से कमलेश्वरी साहू ने एकल गीत ‘तुझको न देखूं तो दिल घबराता है...’ प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरूआत की। दिव्यांग बालिका विकास गृह की महालक्ष्मी साहू ने ‘नगाड़े संग ढोल बाजे’ में आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर यह बता दिया कि उसके ऊंचे सपनों और इच्छाओं में कोई भी परेशानी बाधा नहीं बन सकती। वहीं दोनों पैरों से दिव्यांग सीमा सारथी ने ‘देवा श्री गणेशा’ पर आकर्षक नृत्य करके खूब तालियां बटोरी। बता दें कि सीमा पिछले कई वर्षो में मंडल के इसी संत ज्ञानेश्वर सभागृह के मंच पर प्रस्तुति दे रहीं हैं। संजना टंडन ने ‘ये तो सच है कि भगवान है...’ गीत गाया।

संत ज्ञानेश्वर स्कूल (एसडीवी) की छात्रा अदिति बाघ ने भरतनाट्यम में ‘मधुर.. मधुर वेणु...’ की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं यशोदा निषाद ने ‘देवा हो देवा हनुमंत देवा’ गीत गाया। अविशा गुप्ता ने ‘आरंभ है प्रंचड़’ पर प्रस्तुति दी, जिसे सभी ने खूब पसंद किया। कक्षा पांचवी की छात्रा पावना लास्या ने एकल नृत्य की प्रस्तुति दी। याक्षी शिवानी, यशस्वी गुप्ता और तन्मय भगाड़े ने कविता पाठ किया।

मंडल द्वारा संचालित सखी निवास यानी कामकाजी महिला वसती गृह की चेतना, अनुपमा और मोनिका सामूहिक और दीक्षा, ज्योति, पूजा और भावना ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। कामकाजी महिला वसती गृह की अनुपमा सिदार ने कविता पाठ कर खूब तालियां बटोरी।
