जादूगर के हाथ की सफाई देख... सभी ने बजाई खूब तालियां
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के 90वें वर्षगांठ पर आयोजित मराठी सोहला के तीसरे दिन जब जादूगर वी. शांताराम मंच पर आए, तो दर्शक उनके हाथों की सफाई देख मंत्रमुग्ध हो उठे। टैक्सी चलाने के साथ-साथ जादू को जीवन का हिस्सा बनाने वाले शांताराम बीते 23 सालों से अपनी कला से लोगों को चकित कर रहे हैं। बीते दिनों गणेशोत्सव के दौरान शांताराम मंडल आए थे। उनके जादू की खास डिमांड पर उन्हें दोबारा बुलाया गया।
कबूतर वाले खेल को लोगों ने खूब पसंद किया। जब एक बॉक्स से अचानक दो कबूतर निकल आते हैं। इसके अलावा कुछ ट्रिक्स ऐसी हैं जो देखने के बाद लोग देर तक सोचते रह जाते हैं कि आखिर हुआ कैसे। पहले जादू रहस्य लगता था, अब यूट्यूब और मोबाइल पर बहुत कुछ दिख जाता है। लेकिन लाइव प्रस्तुति का मजा अलग होता है।
जादूगर वी शांताराम ने कहा कि अभी भी चार-पांच खेल ऐसे हैं जिन्हें देखकर लोग चकित हो जाते हैं। पेपर के कई हिस्सों में फाड़कर उसके टुकड़े टुकड़े किए जाते है, फिर एक ही झटके में उसे जोड़ दिया जाता है। बच्चों क दूध बोतल से दूध पिलाना और फिर उसे दूध को कान से बाहर निकालना। ऐसी ट्रिक ने दर्शकों को खूब हंसाया।