महाराष्ट्र मंडल में हुआ 'मेक मी टैगोर, मदर' का मंचन
2025-11-02 04:47 PM
190
0 मंचन के दौरान दर्शकों को भी बना लिया नाटक का पात्र
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह में मंचित एकल नाटक 'मेक मी टैगोर, मदर (‘माँ मुझे टैगोर बना दे' ने दर्शकों पर गहरा असर डाला। जम्मू से पधारे लकी गुप्ता के एकल अभिनय ने ‘मेक मी....’ से बच्चों को शिक्षा को लेकर असरदार मैसेज भी दिया।
रंगभूमि के संरक्षक रंजन मोडक कहते हैं कि एक कलाकार की ओर से एक नाटक के माध्यम से कला इतिहास की दुनिया में अनोखी और अद्भुत यात्रा है 'मेक मी टैगोर, मदर'। महाराष्ट्र मंडल में इसके 1731वें मंचन के दौरान लकी ने अग्रिम पंक्ति में बैठी स्वाति मोडक को लकी ने अपने नाटक में शामिल करते हुए मां की भूमिका सौंपी, जिसे उन्होंने पूरी संवेदना के साथ निभाया।
लकी कहते भी हैं कि वे जहां भी अपना यह एकल नाटक मंचित करते हैं, वहां दर्शकों के बीच से ही नाटक के अन्य पात्र चुन लेते हैं और वास्तव में वे पात्र उनके नाटक व पात्र के साथ न्याय करते हैं। एक गरीब बच्चे की शिक्षा को लेकर संघर्ष की कहानी कहता यह नाटक जरूरी नहीं कि निम्न आयवर्ग के परिवारों के बच्चों को ही प्रभावित करें, बल्कि हर आय के वाले परिवारों के बच्चों को भी इसमें मनोरंजन के साथ सीखने को भी बहुत कुछ है।
महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर ने बताया कि इस नाटक का 1732वां मंचन संत ज्ञानेश्वर स्कूल में सोमवार, 3 नवंबर को दोपहर 2 बजे बच्चों के लिए विशेष रूप से होगा। इसके माध्यम से बच्चे यह भी महसूस कर पाएंगे कि उनकी शिक्षा के लिए अभिभावक क्या कुछ नहीं करते और वे इसके लिए उन्हें अपेक्षित कृतज्ञता भी व्यक्त नहीं कर पाते।