फोर डी फार्मूला छात्रों को परीक्षा में दिलाएगा सफलताः हर्षदा टिचकुले
- संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में बच्चों ने सीखा अधिक अंक प्राप्त करने की तकनीक
रायपुर। परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए बच्चों को 4D फार्मूला अपनाना चाहिए। जिसमें पहला डी है डिसिप्लिन यानी अनुशासन, दूसरा डी अपने काम के प्रति डेडिकेशन (समर्पण), तीसरा डी डीटरमिनेशन (दृढ़ निश्चय) और चौथा डीडायरेक्शन (दिशा) को इंगित करता है। यह चारों चीजों को अगर कोई विद्यार्थी फालो करता है तो निश्चित ही उसे परीक्षा में अधिक अंक प्राप्त होंगे। उक्ताशय के विचार संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में आयोजित “अधिक अंक कैसे प्राप्त करें?” विषय पर आयोजित संगोष्ठी में अनुभवी स्टूडेंट मेंटर, करियर काउंसलर और मोटिवेशनल स्पीकर हर्षदा टिचकुले व्यक्त किए।
हर्षदा ने छात्रों को समझाया कि उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने के लिए केवल अधिक पढ़ाई पर्याप्त नहीं, बल्कि सही दिशा, सही योजना और सही तकनीक आवश्यक है। विशेषकर जब छात्र बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे हों। उन्होंने छात्रों को 4D फार्मूला अपनाने की प्रेरणा दी। इसके साथ ही उन्होंने किसी भी विषय के अध्यायों को आसान, मध्यम और कठिन श्रेणियों में विभाजित कर पढ़ने की तकनीक समझाई। यह पद्धति न केवल नियमित परीक्षाओं बल्कि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी में भी अत्यंत सहायक सिद्ध होती है, क्योंकि इससे समय प्रबंधन बेहतर होता है और अधिक सिलेबस कम तनाव में पूरा किया जा सकता है।

छात्रों ने इस संगोष्ठी को अत्यंत उपयोगी बताया और कहा कि इससे उन्हें सामान्य परीक्षाओं के साथ-साथ बोर्ड परीक्षा की तैयारी में भी नई दिशा और आत्मविश्वास प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
बतादें कि इस एक दिवसीय संगोष्ठी का उद्देश्य छात्रों को स्मार्ट स्टडी, प्रभावी परीक्षा तैयारी तथा बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम प्राप्त करने की रणनीतियों से अवगत कराना था। संगोष्ठी में छात्रों ने बोर्ड परीक्षा की तैयारी की तकनीकें सीखी। संगोष्ठी का संचालन शिक्षिका निदा सुल्तान द्वारा अत्यंत दक्षता के साथ किया गया। मुख्य वक्ता का स्वागत शिक्षिका तृप्ति अग्निहोत्री ने सूत माला से किया। वहीं प्राचार्य मनीष गोवर्धन और उप प्राचार्य राहुल वोड़ितेलवार ने स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया।