नि:शुल्क कार्डियक कैंप में उमड़ी भीड़... बुजुर्गों के साथ युवाओं ने कराई स्वास्थ्य जांच
\- महाराष्ट्र मंडल में प्रथमेश हास्पिटल के सौजन्य से लगा नि:शुल्क कैंप
रायपुर। अनहेल्दी डाइट और स्ट्रेस भरी लाइफ में हार्ट से जुड़ी बीमारियों के शिकार लोगों की संख्या दिन ब दिन बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए महाराष्ट्र मंडल रायपुर में प्रथमेश हास्पिटल के सौजन्य से एक दिवसीय निःशुल्क कार्डिंयक कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें सुबह 10 बजे से लोगों की भीड़ देखी गई। निर्धारित समय से अधिक तक डाक्टरों ने लोगों की जांच और उन्हें स्वास्थ्य परामर्श दिया। शिविर में 60 लोगों के स्वास्थ्य जांच की गई।

महाराष्ट्र मंडल के सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी ने बताया कि कैंप में देवपुरी स्थित प्रथमेश हास्पिटल के डीएम कार्डियोलाजी डा. गौरव त्रिपाठी और डा. शुलभ चंद्राकर शामिल हुए। दोनों डाक्टरों ने कैंप में पहुंचे लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें चिकित्सकीय सलाह दी। कैंप में ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी, लिपिड प्रोफाइल, एचबीए1सी की जांच भी की गई। शिविर में लोगों की भीड़ को देखते हुए शिविर दो घंटे अतिरिक्त समय तक चला।

डीएम कार्डियोलाजी डा. गौरव त्रिपाठी ने कहा कि हार्ट अटैक को काफी हद तक समझना और रोकना हमारे हाथ में होता था। अगर घर में ऐसी मेडिकल हिस्ट्री हैं तो हमें समय के साथ अलर्ट होना होगा। नियमित व्यायाम, अच्छा खानपान बेहद जरूरी है। राज्य और केंद्र सरकार को ह्दय रोग को लेकर राष्ट्रीय अभियान चलाना चाहिए। वहीं डा. शुलभ चंद्राकर नेकहा कि धूम्रपान और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन हृदय रोग के जोखिम को बढ़ाता है। ध्रूमपान और नशे के कारोबार पर शासन को कड़ा एक्शन भी लेना चाहिए।