दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महज ईंट गारे का ढ़ांचा मात्र नहीं, सांस्कृतिक और सामाजिकता केंद्र है महाराष्ट्र मंडल का भवन

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के भव्य भवन के लोकार्पण समारोह के बाद पहली कार्यकारिणी एवं विभिन्न समितियों की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनमें से प्रमुख वार्षिक सामान्य सभा की बैठक 28 मई को चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में होगी। अपने अध्यक्षीय संबोधन में अजय काळे ने यह जानकारी दी। 

मंडल अध्यक्ष काळे ने कहा कि महाराष्ट्र मंडळ का 9 करोड़ की लागत से निर्मित ऐतिहासिक भवन सिर्फ ईंट, कांक्रीट, सीमेंट से बना एक ढ़ांचा नहीं है, बल्कि यह सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक केंद्र है। कई समाजों के इससे भी भव्य और महंगे भवन बनकर तैयार हैं, लेकिन वास्तव में वहां महीनों तक कोई झांकने नहीं जाता। हम अपने इस भवन में ऐसा नहीं होने देंगे। और इसकी जिम्मेदारी महाराष्ट्र मंडळ के समस्त प्रकल्प प्रभारियों और विभिन्न समितियों की है। उन्होंने आज की बैठक में विभिन्न समितियों एवं प्रकल्पों के प्रभारियों से उनके वर्षभर के गतिविधियों की सविस्तार जानकारी ली। 

मंडळ के सचिव आचार्य चेतन दंडवते ने कहा कि महाराष्ट्र मंडळ के भव्य इमारत के अनुपात में यहां के सदस्यों की संख्या भी होनी चाहिए। यह अभियान कुछ हफ्तों से चल रहा है और आने वाले समय में यह निरंतर जारी रहेगा। किसी भी पदाधिकारी के घर यदि एक भी 18 वर्ष की आयु का सदस्य है, जो अब तक मंडळ का सदस्य नहीं बना है, उसे तत्काल सदस्यता ग्रहण कराई जाए। 

सचेतक रविन्द्र ठेंगड़ी ने दिव्य महाराष्ट्र मंडळ के संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि 1 अप्रैल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हाथों इसका विधिवत उद्घाटन होने के बाद अब ​हमारी चौतरफा जिम्मेदारी बढ़ गई है। मंडळ के सभी प्रकल्पों एवं समितियों को हर एक कार्यक्रम और उससे पहले बैठकों में आयोजन को लेकर की जाने वाली तैयारियों को लेकर दिव्य महाराष्ट्र मंडळ के साथियों को सविस्तार जानकारी दी जानी चाहिए। इसके अलावा प्रतिदिन दिव्य महाराष्ट्र मंडळ के पोर्टल पर अधिकाधिक विजिट करने और लोगों को इसके लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी भी हम सभी की है। 
 
 

क्रीड़ा समिति के हेमंत माड़ीकर ने वर्षभर होने वाले खेल​कूद के गतिविधियों की जानकारी दी। इनमें फ्लट लाइट क्रिकेट स्पर्धा, कैरम, रॉक बॉल, बॉलीवाल स्पर्धा से लेकर अंताक्षरी के आयोजन शामिल हैं। उन्होंने 18 अप्रैल से शुरु होने वाले तीन दिवसीय फ्लट लाइट क्रिकेट स्पर्धा में अधिकाधिक शामिल होने का आग्रह किया। 

पर्यावरण समिति के प्रभारी अभय भागवतकर ने वर्ष 2023 में अपनी समिति की ओर से होने वाले आयोजनों की जानकारी दी। स्वास्थ्य सेवा समिति की डॉ. कमल वर्मा ने बताया कि मई से प्रतिमाह महाराष्ट्र मंडळ की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। उन्होंने विभिन्न महिला केन्द्रों की बैठक में भी उन्हें आमंत्रित करने का आग्रह किया। ताकि वे सेहत को लेकर महिलाओं को जरूरी टिप्स दे सकें। 

युवा समिति के प्रभारी विनोद राखुंडे ने वर्षभर होने वाले कार्यक्रमों और तीज—त्यौहार पर गरीब परिवार के बीच कपड़े बांटने, गर्म कपड़े वितरित करने, सफाई अभियान चलाने समेत विभिन्न सेवाभावी कार्यक्रमों के बारे में बताया। सांस्कृतिक समिति की प्रभारी प्रिया बक्षी ने बताया कि पिछले साल की तरह इस साल भी गणेशोत्सव एवं विभिन्न पर्वों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रभावी भूमिका रहेगी।

वरिष्ठजन सेवा समिति के प्रभारी श्याम सुंदर खंगन ने बताया कि 80 वर्ष से अधिक उम्र के मंडळ सदस्यों के सम्मान सहित समिति अपने सभी कार्यक्रम हमेशा की तरह करेगी। समिति के सदस्यों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के लिए भी जोर दिया जाएगा। आध्यात्म समिति की आस्था काळे ने बताया कि गतवर्ष की तरह गीता जयंती का भव्य आयोजन तो होगा ही, इसके अलावा इस साल पहली बार विभिन्न संतों की जयंती को भी प्रेरक रूप से मनाया जाएगा।
 
 

योग समिति की प्रभारी आस्था काले के मुताबिक सोमवार 17 अप्रैल से सुबह 6 बजे से 7 बजे तक आॅनलाइन योग प्रशिक्षण का कार्यक्रम शुरु हो रहा है, जो कई हफ्तों तक जारी रहेगा। प्रतिदिन सुबह 6 से 15 मिनट पहले मंडळ के व्हाट्सएप ग्रुप पर लिंक उपलब्ध करा दिया जाएगा। परामर्शदात्री समिति के सदस्य प्रशांत देशमुख ने संतोष व्यक्त किया कि हमारे मराठी समाज के परिवारों में हिंसा के लिए बिल्कुल जगह नहीं है, फिर भी कहीं कोई प्रताड़ना, उलाहना अथवा मारपीट की घटनाएं होती हैं, तो प्रभावित परिवार को तत्काल मार्गदर्शन देकर बिखरने से बचाने के लिए महाराष्ट्र मंडळ की परामर्शदात्री समिति तत्पर है।

हाल ही में महाराष्ट्र मंडळ में आयोजित रंगोली स्पर्धा से निर्णायकों को प्रभावित करने वाले हेमंत माड़ीकर को मंडल अध्यक्ष अजय काळे व सचिव दंडवते ने प्रमाण—पत्र देकर सम्मानित किया।बैठक में विशेष रूप से बृहन्महाराष्ट्र मंडळ के छत्तीसगढ़ प्रभारी सुबोध टोले, कामकाजी महिला वसती गृह की प्रभारी नमिता शेष, साहित्य समिति के रवि गहलोत, संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्रभारी निरंजन पंडित, सहप्रभारी परितोष डोनगांवकर, वैभव बरवे, नवीन देशमुख, प्रवाह नासरे, ओपी कटारिया, सुधीर जाउलकर, मंजूषा मार्डीकर, संध्या खंगन, निखिल मुकादम, पल्लवी मुकादम, रेणुका पुराणिक, अजय पुराणिक समेत अनेक सदस्य उपस्थित रहे।