आकर्षक झांकी के साथ निकाली गई गजानन महाराज की पालकी
2026-02-11 06:44 PM
321
0- बड़ी संख्या में जुटे भक्तगण, महिला श्रद्धालुओं की संख्या व उत्साह ज्यादा
रायपुर। संत श्रीगजानन महाराज प्रकटोत्सव पर तात्यापारा स्थित मंदिर परिसर से संतश्री की पालकी शोभायात्रा अभूतपूर्व उत्साह के साथ निकाली गई। इस मौके पर श्रद्धालुओं में गजानन महाराज की पालकी को लेकर जितनी श्रद्धा- भक्ति दिखी, उतना ही उत्साह ट्रेक्टर ट्रॉली में रखे महाराज के आदमकद तैलचित्र वाली झांकी को लेकर भी देखा गया।

मंगलवार रात को बैंड- बाजे और माइक पर संतश्री के जयकारों के साथ निकाली गई पालकी शोभायात्रा का तात्यापारा चौक पर महाराष्ट्र मंडल की युवा समिति की ओर से फूलों की पंखुडियों से श्रद्धामय स्वागत किया गया। इस मौके पर मंडल की सखी निवास प्रभारी नमिता शेष, शंकर नगर बाल वाचनालय- उद्यान प्रभारी रेणुका पुराणिक ने अन्य पदाधिकारियों के साथ पालकी की आरती उतारी। युवा समिति के सह प्रभारी शुभम् पुराणिक, रीना बाबर, तन्मय बक्षी, साक्षी जोशी, अक्षता पंडित, सुरभि शेष, अस्मिता कुसरे, आराधना शेष, पर्यावरण समिति के समन्वयक अभय भागवतकर, प्रभारी वैभव बर्वे, सांस्कृतिक समिति के समन्वयक प्रेम उपवंशी सहित अनेक पदाधिकारी इस मौके पर उपस्थित रहे।
कुछ विलंब से निकली गजानन महाराज की पालकी शोभायात्रा का नेतृत्व मंदिर के अध्यक्ष अविनाश बल्लाल सहित जयंत तापस, अरुण डोनगांवकर, विश्वास कुसरे, प्रशांत ढवले, नवीन देशमुख, सुधीर परेतकर, राजा भट सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्यों ने किया। साथ ही इसमें चारुदत्त जोशी, रत्नाकर हिशीकर, विजय वराडपांडे, कल्पना लांबे और बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए।