दिव्य महाराष्ट्र मंडल

मराठी भाषा दिवस पर महाराष्ट्र मंडल में संगोष्ठी का आयोजन 27 फरवरी को

0- ‘मराठी अभिजात भाषा और हमारा समाज’ विषय पर ऐसे वक्‍ताओं को भी सुनने मिलेगा, जो मूलत: मराठी भाषी नहीं

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल में मराठी अभिजात भाषा का कितना महत्‍व है, यह तो उस समय भी सिद्ध हो गया, जब पुणे से आए महानाट्य 'जाणता राजा' के प्रबंधक डॉ. अजीत आप्‍टे ने  सोमवार को आयोजित सम्मान समारोह में कहा कि मंडल की ओर से पद्मजा लाड प्रतिदिन ऑनलाइन मराठी सिखाने की क्‍लास लेतीं हैं। वास्‍तव में यह कौतुकास्‍पद है। असल में यह चर्चा शुक्रवार, 27 फरवरी को मंडल के छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह में आयोजित होने वाले मराठी अभिजात भाषा दिवस के मौके पर की जा रही है। 
 
साहित्‍य समिति प्रभारी कुमुद लाड ने बताया कि गुरुवार शाम 6:30 बजे  मराठी भाषा दिवस के अवसर पर ‘मराठी अभिजात भाषा और हमारा समाज’ विषय पर संगोष्‍ठी का आयोजन किया गया है। इसमें मराठी के जाने- माने वक्‍ता तो होंगे ही, साथ ही ऐसे भी गैर महाराष्ट्रियन अतिथि वक्‍ता होंगे, जो महाराष्‍ट्र में रहकर धाराप्रवाह मराठी बोलते हैं और वे मराठी में संबोधित करेंगे। कुमुद लाड के साथ मंडल के अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले ने अधिकाधिक श्रोताओं से कार्यक्रम में आने की अपील की है। 
 
निबंध स्‍पर्धा में मुकुंद शिलेदार प्रथम
इस बीच लाड ने पांच अक्‍टूबर 2025 को बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल की ओर से महाराष्‍ट्र मंडल रायपुर में आयोजित मराठी निबंध स्‍पर्धा के परिणाम और रैंकिंग जारी किए। उन्‍होंने बताया कि बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल नई दिल्‍ली के इंदौर कार्यालय की ओर से जारी परीक्षा परिणाम में प्राप्‍तांक के मुताबिक मुकुंद शिलेदार प्रथम रहे। दूसरे स्‍थान पर विलास साखरे और तीसरे पर स्मिता चांदे रहीं। इसी तरह चौथा स्‍थान स्‍वाति मोडक, पांचवां अंजलि खेर, छठवें स्‍थान पर सुमिता रायजादा रहीं। अनघा करकशे सातवें स्‍थान पर, अभय भागवतकर आठवें, गणेशा जाधव पाटिल नौंव स्‍थान पर रहे।