दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल में छाया राम जन्‍मोत्‍सव का उल्‍लास, 151 बार सामूहिक राम रक्षा स्त्रोत पाठ के साथ हुए भजन

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल के छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह में गुरुवार की शाम राममय रही। आध्‍यात्मिक समिति के तत्‍वावधान में बड़ी संख्‍या में जुटे रामभक्‍तों ने 151 बार सामूहिक राम रक्षा स्त्रोत पाठ किया। एक से एक सुमधुर भजनों की स्‍वर लहरियां गूंजी। साथ ही भक्‍तों ने देर तक रामनाम का जाप भी किया।
सचिव आचार्य चेतन गोविंद दंडवते ने बताया कि गुरुवार की शाम आध्‍यात्मिक समिति की समन्‍वयक आस्‍था काले के साथ अजय मधुकर काले, अनिल कालेले, संध्‍या खंगन, आकांक्षा गद्रे, सृष्टि दंडवते सहित कई भक्‍तजनों ने सबसे पहले श्रीराम पूजन किया। प्रभु की तस्‍वीर की पूजा कर माल्‍यार्पण किया गया। कोटा महिला केंद्र की महिलाओं ने सुमधुर भजनों की प्रस्‍तुतियां दीं। 
 
 
चौबे कॉलोनी केंद्र की महिलाओं ने मंच पर बैठकर राम रक्षा स्‍त्रोत का पाठ शुरू किया। हॉल में उपस्थित 75 से अधिक श्रद्धालुओं ने चौबे कॉलोनी केंद्र की महिलाओं के साथ दो बार राम रक्षा स्‍त्रोत का सस्‍वर पाठ किया। इस तरह कुल 151 राम रक्षा स्‍त्रोत पाठ की गणना पूरी हुई। तत्‍पश्चात भक्‍तजनों ने मिलकर हनुमान चालीसा का सस्‍वर पाठ किया। महाआरती के बाद प्रसाद और फलाहार का वितरण किया गया। इस मौके पर महाराष्ट्र मंडल की समूची कार्यकारिणी, समितियों के पदाधिकारी और 17 केंद्रों की संयोजिकाओं- सह संयाजिकाओं के साथ हर आयु वर्ग के श्रद्धालु सभासद भी श्रीराम जन्‍मोत्‍सव का उत्‍सव मनाने के लिए उपस्थित रहे। 
 
 
मासूम अर्णव ने खींचा ध्‍यान
चौबे कॉलोनी केंद्र की महिलाएं मंच पर जब एक साथ राम रक्षा सत्रोत का पाठ कर रहीं थीं, तभी इन्‍हीं के बीच नौ वर्षीय बालक अर्णव आनंद कुसरे भी पूरे आत्‍मविश्‍वास के साथ बिना कुछ देखे- पढ़े राम रक्षा स्‍त्रोत का पाठ कर रहा था। हॉल में उपस्थित ज्‍यादातर श्रद्धालुओं का ध्‍यान रह- रहकर अर्णव की ओर जा रहा था, जिसने राम रक्षा स्तोत्र सहित न जाने कितने स्तोत्र व चालीसा को कंठस्थ कर रखा है।