महाराष्ट्र मंडल वाल्मिकी रामायण कथा आज से.. नाट्य मंचन, भजन और नारदीय कीर्तन होगा खास
- कथावाचक पुणे के रामनाथ रामचंद्र अय्यर कराएंगे कथा श्रवण
- हनुमान जयंती पर चौबे कालोनी राममंदिर में होगा नारदीय कीर्तन
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में 28 मार्च से 1 अप्रैल तक छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह (मिनी हाल) में वाल्मिकी रामायण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर आध्यात्मिक समिति द्वारा पदाधिकारियों को 23 मार्च की हुई बैठक में जिम्मेदारी सौंपी गई। 28 मार्च को कथावाचक रामनाथ रामचंद्र अय्यर के आगमन से लेकर 2 अप्रैल को हनुमान जयंती पर होने वाले नारदीय कीर्तन तक की रूपरेखा तैयार कर पदाधिकारियों को काम सौंप दिया गया है।
मंडल सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि आध्यात्मिक आयोजनों की श्रृंखला में 28 मार्च से 1 अप्रैल तक महाराष्ट्र मंडल में वाल्मिकी रामायण कथा और हनुमान जयंती पर 2 अप्रैल को राममंदिर चौबे कालोनी में नारदीय कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। पांच दिवसीय इस आयोजन में बुवा पुणे से पधारे रामनाथ रामचंद्र अय्यर श्रद्धालुओं और श्रोताओं को प्रभु श्रीराम के प्रेरक प्रसंगों पर प्रवचन देंगे। मंडल के क्षत्रपति शिवाजी सभागृह (मिनी हाल) का कथा आयोजित होगी। 28 मार्च को गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का शुरूआत होगी। जिसके बाद राम कथा होगी। फिर आरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं 30 मार्च और 1 अप्रैल को कथा के उपरांत महिला केंद्र के भजन होंगे।
आध्यात्मिक समिति की समन्वयक आस्था काले ने बताया कि कथा के दूसरे दिन 29 मार्च को मंडल की वरिष्ठ सदस्या अपर्णा कालेले के निर्देशन में बाल कलाकारों द्वारा 'उत्तर रामायण प्रसंग' पर बाल नाट्य प्रस्तुत किया जाएगा। 15 मिनट के इस नाटक में लव-कुश द्वारा अश्वमेघ यज्ञ के घोड़े के रोकने और दोनों बालको के पराक्रम को दर्शाय गया है। नाटक में बाल कलाकार लव-कुश के एक्शन सीन और जोशीले डायलॉग इस नाटक को खास बनाएंगे। वहीं 31 मार्च को एक पात्रीय नाटक ‘शबरी’ का मंचन किया जाएगा। कवियत्री वंदना ठाकुर की कविता को आधार बनाकर इस एक पात्रीय प्रयोग की परिकल्पना एवं निर्देशन आचार्य रंजन मोड़क, आलेख लोकेश साहू द्वारा और अभिनय चंचल ध्रुव कर रही है। इस नाटक में माता शबरी की भक्ति को दर्शाया गया है।