दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल में एक और हिंदी नाटक की सुगबुगाहट

-  अभिषेक बक्षी निर्देशित नाटक ‘शिव शौर्य’ की पूरी तैयारी के साथ शुरू हो रही रिहर्सल

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल में एक और हिंदी नाटक के मंचन की तैयारी शुरू हो गई है। सभासदों की सोमवार देर शाम को हुई बैठक में नाटक 'शिव शौर्य' के मंचन का निर्णय लिया गया है। पहली बार रंगसाधक अभिषेक बक्षी इस नाटक के माध्‍यम से निर्देशन के क्षेत्र में कदम रख रहे हैं। इसमें वे छत्रपति शिवाजी महाराज की केंद्रीय भूमिका निभाएंगे। सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि छह जून को महाराष्‍ट्र मंडल में प्रति वर्षानुसार छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्‍याभि‍षेक दिवस समारोह आयोजित किया जाना है। इसी समारोह में अभिषेक बक्षी निर्देशित नाटक शिव शौर्य का मंचन प्रस्‍तावित है।

बैठक के बाद अभिषेक ने कहा कि 'शिव शौर्य' में वरिष्‍ठ रंगसाधक शशि वरवंडकर, चेतन दंडवते, रंजन मोड़क, कीर्ति हिशीकर, पवन ओगले, भारती पलसोदकर, रविंद्र ठेंगड़ी, योगेश दंडवते, यशस्‍वी दंडवते, गणेशा जाधव पाटिल, पंकज सराफ, अभय भागवतकर, पराग दलाल, प्रार्थना दंडवते सहित अनेक रंगमचीय कलाकारों ने नाटक में काम करने की अपनी सहमति दी है। तकनीकी पक्ष परितोष डोनगांवकर, अजय पोतदार, प्रवीण क्षीरसागर संभालेंगे। बैठक में नाटक की स्क्रिप्‍ट पर चर्चा की गई, जिसमें वरिष्‍ठ रंगसाधकों के महत्‍वपूर्ण सुझाव भी आए। अगले कुछ दिनों में नाटक के रिहर्सल भी शुरू हो जाएगी।

बैठक में शामिल अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि 'शिव शौर्य' के माध्‍यम से महाराष्‍ट्र मंडल ही नहीं, शहर के रंगमंच को भी एक नया निर्देशक मिलने जा रहे है। हजार कदम चलने के लिए पहला कदम तो उठाना ही पड़ता है। काले ने कहा कि उन्‍हें पूरा विश्‍वास है कि मंडल का यह नाटक न केवल लोगों को पसंद आएगा, बल्कि सफलता के झंडे भी गाड़ेगा। सचिव दंडवते ने विश्‍वास दिलाया कि सभी कलाकार 'शिव शौर्य' के लिए पूरे समर्पित भाव से अनुशासन के साथ रिहर्सल में भाग लेंगे।