दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में बाल संस्कार शिविर एक मई से, आनलाइन और आफलाइन दोनों मोड में होगा संचालन

- बच्चों को आध्यात्म के प्रति जागरूक करने का अभियान

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक समिति की ओर से आगामी एक मई से 30 मई तक तक ग्रीष्मकालीन बाल संस्कार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस बार शिविर आनलाइन और आफलाइन दोनों मोड में किया जाएगा। सोमवार से गुरुवार तक आनलाइन और शुक्रवार व शनिवार को आफलाइन शिविर महाराष्ट्र मंडल परिसर में लगाया जाएगा। अपने बच्चों को आध्यात्म और संस्कारों से जोड़ने का यह अभिभावकों के पास अच्छा अवसर है। इस संदर्भ में 22 अप्रैल को आध्यात्मिक समिति की आनलाइन एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई।

 आध्‍यात्मिक समिति की समन्‍वयक आस्‍था काले ने बताया कि इस वर्ष शिविर को आनलाइन और आफलाइन दोनों माध्यमों से संचालित किया जाएगा। इसके लिए समय सुबह 7 से 8 बजे का तय किया गया है। सोमवार से गुरुवार तक शिविर आनलाइन मोड पर चलेगा। जिसमें बच्चा घर से इसे ज्वाइन कर सकता है। जिसमें बच्चों को दैनिकनंदिनी के स्तोत्र, गणपति स्तोत्र, अथर्व शीर्ष पाठ, राम रक्षा स्‍त्रोत, हनुमान चालीसा, विष्‍णु सहस्‍त्र नाम, गीता का 12वां और 15वां अध्‍याय सहित विविध मंत्रोच्‍चार सिखाएं व याद कराए जाएंगे। इसके साथ इसका अर्थ भी बच्चों को बताया जाएगा। इसके अलावा बच्चों को शिक्षाप्रद कहानियां, सामान्य ज्ञान, पहेलियां और करेंट अफेयर्स पर चर्चा की जाएगी। वहीं व्‍यायाम, योग, ड्राइंग, पेंटिंग, संगीत व इनडोर गेम्‍स, जिसमें भी बच्‍चे की रुचि हो, उसमें उसे प्रशिक्षण देकर पारंगत किया जाएगा।

 समिति की प्रमुख सृष्टि दंडवते व आकांक्षा गद्रे ने बताया कि वहीं शुक्रवार और शनिवार को महाराष्ट्र मंडल परिसर में सुबह 7 से 8 बजे तक ऑफलाइन शिविर लगाया जाएगा। जिसमें बच्चों को ब्रेन गेम, खेल-खेल में योग, पेड़ पौधें लगाना, कहानी-कविता के माध्यम से नाटक, माटी शिल्प कला, छुप्पन छुपाई, पोश्मपा, नदी-पहाड़, फायरलेस कुकिंग, वाटर गेम्स कराए जाएंगे। शिविर में प्रत्‍येक सेगमेंट के लिए अलग- अलग प्रशिक्षक अथवा प्रशिक्षिकाएं होंगी।