अंतरराज्यीय नाट्य स्पर्धा में रंगभूमि की ‘टीस’को मिला द्वितीय स्थान
- एकल और एकांकी नाटक सहित कुल 10 नाटकों का हुआ मंचन
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल रायपुर की सहयोगी ‘रंगभूमि’ के कलाकारों ने अपनी अमिट और अद्भुत नाट्य प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 31 मई को राजनांदगांव में हुए अंतरराज्यीय नाट्य स्पर्धा में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का आयोजन भारत रत्न स्व. अटल बिहारी बाजपेयी मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में हुआ। रंगभूमि के कलाकार आकाश वरठी और ट्विंकल परमार को सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता और सह अभिनेत्री का अवार्ड भी अपने नाम किया। रंगभूमि की इस सफलता पर महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, सचिव चेतन दंडवते और कार्यकारिणी टीम को शुभकामनाएं दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
नाटक टीस की परिकल्पना करने वाले आचार्य रंजन मोड़क ने बताया कि स्पर्धा में एकल और एकांकी नाटक सहित कुल 10 नाटकों का मंचन हुआ। जिसमें पश्चिम बंगाल, इंदौर, छिंदवाड़ा, रायपुर, धमतरी, राजनांदगांव के नाट्य समूह ने भाग लिया। समूह नाटक में प्रथम स्थान इंदौर के "गज फुट इंच "को प्राप्त हुआ, द्वितीय स्थान रंगभूमि के नाटक टीस को और तृतीय स्थान पर छिंदवाड़ा नाट्य दल रहा। प्रतियोगिता में निर्णायक के तौर पर संतोष जैन रायपुर, राजकुमार सोनी दुर्ग, शक्ति चटर्जी, भिलाई, मनोज गुप्ता, डोंगरगढ़ और रंजन घोष, कोलकाता उपस्थित थे।
आचार्य मोड़क ने बताया कि नाटक के लेखक लोकेश रंजन है। निर्देशन युवा निर्देशक लोकेश साहू ने किया। नाटक में प्रांजल सिंह राजपूत (बाबूजी), आकाश वरठी (रजत), ट्विंकल परमार (मीना), प्रभात साहू (बलवंत), रंजना ध्रुव (लेखक की पत्नी), अक्षदा मातुरकर (कांता) मंच पर नजर आए। चंचल ध्रुव निर्देशक की भूमिका में रही। वहीं मंच व्यवस्था रिया परमार, ध्वनि और प्रकाश संयोजन नितीश यादव ने संभाल रखी थी।