महाराष्ट्र मंडल में हुई नशामुक्ति पर कार्यशाला
- सभासदों ने नशा न करने और लोगों को जागरूक करने की ली शपथ
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय ध्रूमपान दिवस के अवसर पर अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए महाराष्ट्र मंडल नशामुक्ति को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नशे से होने वाले स्वास्थ्गत नुकसान पर चर्चा के साथ इसे रोकने के लिए लोगों को जागरूक करने की बात सभी ने कही। वहीं इस अवसर पर उपस्थित जनों ने खुद नशा न करने और लोगों को नशा न करने के लिए जागरूक करने की शपथ ली।

महाराष्ट्र मंडल के मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित सियान गुड़ी, दिव्यांग बालिका विकास गृह में शासन द्वारा जारी पत्र के परिपेक्ष्य में नशा मुक्ति कार्यशाला का आयोजन महाराष्ट्र मंडल के मिनी हाल में किया गया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने नशे को उत्तम समाज का सबसे बड़ा शत्रु बताते हुए कहा कि आज आए दिन अखबारों में नशे के बढ़ते कारोबार और उससे नुकसान को हम पढ़ते है। न जाने कितने घर आज इसके कारण बर्बाद हो रहे है। हमें इसे लेकर लोगों को जागरूक करना होगा।

श्याम सुंदर खंगन ने कार्य़शाला को संबोधित करते हुए कहा कि आज राजधानी रायपुर ही नहीं पूरे प्रदेश में बड़ी संख्या में डेंटल क्लीनिक और कैंसर हास्पिटल खुल रहे है। कहीं न कहीं इसका कारण गुटखा खाने वालों की बढ़ती संख्या है। खंगन ने उपस्थित जनों को नशा न करने औऱ लोगों को जागरूक करने की शपथ दिलाई।