वित्त मंत्री चौधरी ने महाराष्ट्र मंडल के कार्यों को सराहा
- जन्मदिन पर बधाई देने पहुंचे अध्यक्ष अजय काले व टीम से मंडल के विकास कार्यों को लेकर की बातचीत, हरसंभव साथ देने का आश्वासन भी
रायपुर। छत्तीसगढ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने एक बार फिर महाराष्ट्र मंडल के सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यों को एक तरह से मान्यता देते हुए तमाम सेवाभावी कार्यों की सराहना की। चौधरी ने महाराष्ट्र मंडल के प्रतिनिधियों से कहा कि आप लोगों के पास आमजनों की सेवा करने को लेकर दूरदृष्टि है, जो उसे बाकी समाजिक व समाजसेवी संस्थाओं से अलग और आगे करती है।
मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले, मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन और बृहन्महाराष्ट्र मंडल के छत्तीसगढ प्रभारी सुबोध टोले ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी से बुधवार रात को उनके आवास पर मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दीं। अजय काले ने उन्हें मंडल के भावी कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बुलाने का आग्रह किया तो उन्होंने कहा कि ज्यादातर रायगढ क्षेत्र के दौरों और रायपुर में अति व्यस्तता के कारण वे महाराष्ट्र मंडल के कार्यों में चाहकर भी नहीं आ पाते।
चौधरी ने कहा कि कहीं किसी काम में परेशानी आती है, तो भी वे हरसंभव मदद करने के लिए तैयार हैं। चौधरी ने महाराष्ट्र मंडल में छह जून को आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस के भव्य समारोह को लेकर अग्रिम शुभकामनाएं दी।