महाराष्ट्र मंडल में हिंदी नाटक शिव शौर्य का मंचन आज
2026-06-06 08:30 AM
187
0-शिवाजी महाराज के शौर्य, धैर्य व संयम की गाथा कहने वाले इस कास्ट्यूम ड्रामा में होंगे 25 से अधिक वरिष्ठ व नए नवेले रंगसाधक
0-अभिषेक विद्याधर बक्षी लिखित व निर्देशित इस ऐतिहासिक नाटक में मंच सज्जा, लाइट और संगीत होगा आकर्षण का केंद्र
रायपुर। छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, धैर्य व संयम को प्रतिष्ठित करता हिंदी नाटक ‘शिव शौर्य’ का मंचन शनिवार, छह जून को शाम 6:30 बजे महाराष्ट्र मंडल में संत ज्ञानेश्वर सभागृह के कुमुदिनी वरवंडकर स्मृति रंगमंच पर होगा। लेखक, निर्देशक अभिषेक बक्षी के मार्गदर्शन में 25 कलाकारों की टीम पर्दे पर अभिनय करते नजर आएगी। गौरवशाली ऐतिहासिक पलों को दोबारा जीवित करने के लिए इस कास्ट्यूम ड्रामा में मंच सज्जा से लेकर लाइट, संगीत तक सभी कुछ खास और भव्य होगा। इसकी तैयारी पिछले ढाई महीने से महाराष्ट्र मंडल परिसर में जारी है।
निर्देशक अभिषेक ने बताया कि मंच पर शिवाजी की केंद्रीय भूमिका वे खुद निभा रहे हैं। अनिकेत के रूप में विभिन्न शहरों में तहलका मचा चुके वरिष्ठ रंगसाधक शशि वरवंडकर इस नाटक में अफजल खान की क्रूर भूमिका में जान फूंकते नजर आएंगे। इसके लिए उनकी दमदार में डायलॉग डिलीवरी नाटक की बड़ी विशेषता होगी। चेतन दंडवते का लंबा रंगमंचीय अनुभव बाजी प्रभु देशपांडे की महत्वपूर्ण भूमिका को साकार कर रहा है।
आकाशवाणी के प्रसिद्ध उद्घोषक दीपक हटवार नाटक 'शिव शौर्य' के सूत्रधार होंगे। श्वेता निगम बाजी प्रभु देशपांडे की पत्नी देशपांडे बाई, भारती पलसोदकर जिजाऊ माता और कीर्ति हिशीकर शिवाजी महाराज की पत्नी सई बाई और यशस्वी दंडवते दासी केसर की भूमिका को जीवंत करेंगी। इनके अलावा रविंद्र ठेंगड़ी, विनोद राखुंडे, पवन ओगले, अभय भागवतकर, पंकज सराफ़, पराग दलाल, अक्षदा मातुरकर, योगेश दंडवते, अनुष्का टेम्बे, प्रार्थना दंडवते, अतुल गद्रे, हेमंत मोहिते, गणेशा जाधव पाटिल, ज्योतिर्मय भोसले, रवि किरण दशपुत्रे भी मंच पर अपने अभियन की छाप छोड़ते नजर आएंगे। मंच सज्जा प्रवीण क्षीरसागर और संगीत संचालन परितोष डोनगांवकर का होगा। नेपथ्य में प्रकाश गुरव व उत्कर्ष हटवार होंगे। शिव शौर्य में विशेष सहकार्य रंजन मोडक का है।