हाईटेक आंगनबाड़ी के नौनिहालों को सोनू सूद की संस्था ने वितरित की कॉपियां
2026-07-07 03:17 PM
241
0 महाराष्ट्र मंडल की ओर से संचालित प्ले स्कूल में संस्था की रूपल और यशप्रदा ने ‘शिक्षा सारथी’ अभियान के तहत की प्रेरक पहल
रायपुर। ‘शिक्षा सारथी’ अभियान के अंतर्गत, सोनू सूद चैरिटी क्लब, रायपुर के सदस्यों ने टाटीबंध स्थित हाईटेक आंगनबाड़ी (प्ले स्कूल) के नौनिहाल बच्चों को नोटबुक वितरित किया। नगरीय प्रशासन व विकास विभाग की सचिव शंगीता आर. के हाथों यूनीफार्म लेने के बाद बच्चों के लिए उसी समय नोटबुक भी लेना किसी उपलब्धि से कम नहीं रहा। आंगनबाड़ी आने को लेकर यूनीफार्म के साथ कॉपियों ने बच्चों की स्वस्फूर्त प्ले स्कूल आने की इच्छाशक्ति को काफी बढ़ा दिया।
सोनू सूद चैरिटी क्लब, रायपुर की ओर से इस पहल का प्रतिनिधित्व करते हुए अधिवक्ता रूपल विजय पांडेय और अधिवक्ता यशप्रदा रामदास जोगलेकर ने हाल ही में नगर निगम द्वारा निर्मित व महाराष्ट्र मंडल की ओर से संचालित महतारी सदन का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों को उन्होंने 200 नोटबुक वितरित किए। इससे बच्चों को पढ़ाई की ओर ध्यान देने में प्रोत्साहन मिलेगा। इस पहल से बाकी समाजसेवी संस्थाओं के लिए कम आय वर्ग वाले परिवार के बच्चों को प्ले स्कूल में अन्य जरूरी सामग्री लाकर वितरित करने की प्रेरणा मिलेगी।
रूपल और यशप्रदा ने बताया कि उनकी संस्था की यह पहल महाराष्ट्र मंडल के साथ एक सुदृढ़ व दीर्घकालिक सहयोग स्थापित करने की साझा सोच को भी दर्शाती है। यह प्रयास सामाजिक सेवा और सामुदायिक स्तर पर प्रभावी साझेदारी की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है। सोनू सूद चैरिटी क्लब इस प्रकार की पहल के माध्यम से शिक्षा को सुलभ बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के अपने उद्देश्य को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।