दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल की एंबुलेंस सुविधा का राज्‍यपाल करेंगे शुभारंभ

0- छत्रपति शिवाजी महाराज राज्‍याभिषेक दिवस पर शिवराया प्रतिमा अनावरण में रमेन डेका ने मंडल को एंबुलेंस देने का किया था वादा, जो चंद हफ्तों में ही हो गया पूरा

 

 
रायपुर। लोक भवन की ओर से महाराष्‍ट्र मंडल को प्रदत्‍त एंबुलेंस का शनिवार शाम को राज्‍यपाल रमेन डेका शुभारंभ करेंगे। महज दो दिन पूर्व डॉक्‍टर्स डे और चार्टर्ड एकाउंटेंट्स डे पर मंडल के युवा डॉक्‍टर्स और चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का भी राज्‍यपाल सम्‍मान करेंगे। 
उपाध्‍यक्ष गीता श्‍याम दलाल ने बताया कि बीते छह जून को छत्रपति शिवाजी महाराज राज्‍याभिषेक दिवस समारोह के मौके पर महाराष्‍ट्र मंडल की मेन लॉबी में शिवाजी महाराज की सिंहासनस्‍थ संगमरमरी प्रतिमा का अनावरण राज्‍यपाल डेका ने किया था। इस प्रतिमा अनावरण समारोह में बतौर मुख्‍य अतिथि उन्होंने महाराष्‍ट्र मंडल को एक एंबुलेंस देने की घोषणा की थी। उक्‍त घोषणा के अनुरूप लोक भवन ने चंद हफ्तों में ही मंडल को एंबुलेंस उपलब्‍ध करा दी। 24 घंटे सेवा के लिए उपलब्‍ध उसी नई चमचमाती एंबुलेंस का शुभारंभ रमेन डेका शनिवार को शाम पांच बजे हरी झंडी दिखाकर करेंगे। मंडल के अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले ने अपनी कार्यकारिणी के साथ सभासदों सहित आमजनों से अधिकाधिक संख्‍या में कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है।   
 
बताते चलें कि एंबुलेंस सुविधा शुरू होने के साथ ही महाराष्‍ट्र मंडल की ओर से एक और जनसुविधा का विस्‍तार होगा। इस समय मंडल की ओर से महाराष्‍ट्र भवन, सखी निवास (कामकाजी महिला वसति गृह व छात्रावास), संत ज्ञानेश्‍वर अंग्रेजी माध्‍यम विद्यालय, दिव्‍यांग बालिका विकास गृह, अन्‍नपूर्णा मेस, शंकर नगर बाल वाचनालय व उद्यान, फिजियोथैरेपी सेंटर, सियान गुड़ी, मेडिकल एक्‍यूपमेंट योजना, महतारी सदन सह हाईटेक आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा 17 महिला केंद्रों और विविध सेवा कार्यों वाली 15 समितियों के माध्‍यम से भी महाराष्‍ट्र मंडल व्‍यक्ति के जन्‍म से लेकर मृत्‍यु तक और उसके बाद भी उनके परिजन को अपनी जन सेवाएं उपलब्‍ध करा रहा है।