दिव्य महाराष्ट्र मंडल

नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव पहुंची हाईटेक आंगनबाड़ी, कहा बच्चों को बनाए अच्छा नागरिक

0- नगर निगम के ‘महतारी सदन’ में महाराष्‍ट्र मंडल की ओर से संचालित हाईटेक आंगनबाड़ी का निरीक्षण किया नगरीय प्रशासन व विकास विभाग की सचिव

 
रायपुर। नगर पालिक निगम के महतारी सदन में महाराष्‍ट्र मंडल की ओर संचालित हाईटेक आंगनबाड़ी (प्‍ले स्‍कूल) का नगरीय प्रशासन व विकास विभाग की सचिव आर. संगीता ने निरीक्षण किया। विभागीय, नगर निगम व रायपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ पहुंचीं संगीता ने प्‍ले स्‍कूल की काफी प्रशंसा की और शुभकामनाएं दीं। 
महाराष्‍ट्र मंडल के पदाधिकारियों व सभासदों को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि हमें विश्‍वास है कि प्‍ले स्‍कूल को आप लोग अच्‍छी तरह संचालित करेंगे। वहां उपस्थित नौनिहालों की ओर इशारा करते हुए संगीता ने कहा कि इन्‍हें अच्‍छी शिक्षा व संस्‍कार दीजिए, ताकि बड़े होकर ये देश के अच्‍छे नागरिक बने। प्‍ले स्‍कूल में संगीता ने नौनिहालों की धूम- मस्‍ती भी देखी। नगर निगम के भवन की प्रशंसा करते हुए उन्‍होंने कहा कि नगर निगम के साथ मिलकर महाराष्‍ट्र मंडल इसे अच्‍छी तरह मैंटेन करेगा, हमें भरोसा है। 
इस मौके पर मंडल की उपाध्‍यक्ष गीता दलाल, सखी निवास की प्रभारी नमिता शेष ने आर. संगीता का सूत माला, शाल- श्रीफल और स्‍मृति चिन्‍ह से सम्‍मान किया। इसी तरह नगरीय प्रशासन व विकास विभाग के एडिशनल डायरेक्‍टर पुलक भट्टाचार्य, शहरी प्रशासन एवं विकास विभाग के निदेशक आर. एक्‍का और रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ शशांक पांडे को महाराष्‍ट्र मंडल के अध्‍यक्ष अजय मधुकर, मुख्‍य समन्‍वयक श्‍याम सुंदर खंगन, कार्यकारिणी सदस्‍य अजय पोतदार, प्रवीण क्षीरसागर ने सम्‍मानित किया। कार्यक्रम का संचालन गीता दलाल ने किया। आभार प्रदर्शन हाईटेक आंगनबाड़ी की प्रभारी डॉ. शुचिता देशमुख व मेघा पोतदार ने किया।