दिव्य महाराष्ट्र मंडल

संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जन्माष्टमी

 रायपुर। महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में गुरुवार 3 सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव मनाया गया। आयोजन के मुख्य अतिथि स्कूल इंचार्ज परितोष डोनगांवकर ने कार्यक्रम का शुभारंभ द्वीप प्रज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य मनीष गोवर्धन व उपप्राचार्य राहुल वोडीतेलवार उपस्थित थे। अतिथियों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया, बच्चों ने नृत्य संगीत के माध्यम से विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का स्वागत भाषण शिक्षिका मेघा जैन ने व शिक्षिका निकिता यादव ने दिया। रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन आयुषी तिवारी एवं दिव्या पांडेय ने कुशलतापूर्वक किया।

 
कार्यक्रम का शुभारंभ हिंदी भाषण से हुआ, जिसके पश्चात कविता, नृत्य, अंग्रेजी भाषण, एकल नृत्य, समूह नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
 
समारोह का मुख्य आकर्षण येलो हाउस द्वारा प्रस्तुत जन्माष्टमी पर आधारित विशेष नाट्य प्रस्तुति (स्किट) रहा। येलो हाउस की प्रभारी निदा सुल्तान एवं आशा जैन के मार्गदर्शन में तैयार किए गए इस स्किट में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं जन्माष्टमी के महत्व को सुंदर एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की भावपूर्ण अभिनय प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और खूब तालियाँ बटोरीं। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों द्वारा श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं जन्माष्टमी की भावना पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियाँ भी दी गईं। विभिन्न हाउस के विद्यार्थियों ने समूह एवं एकल नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
 
पूरा विद्यालय परिसर “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और उत्सवों के प्रति प्रेम एवं उत्साह का संचार किया। इस प्रकार संत ज्ञानेश्वर विद्यालय का जन्माष्टमी समारोह भक्ति, संस्कृति और मनोरंजन का सुंदर संगम बनकर सभी के लिए यादगार रहा।