महाराष्ट्र मंडल में 2 अक्टूबर से गरबा कार्यशाला..... गरबा के घोड़ा, छोकरी, चकरी, मंडली, ताली, धकला से साथ बहुत कुछ
2026-10-01 07:26 PM
33
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की युवा समिति दो अक्टूबर से तीन दिवसीय गरबा प्रशिक्षण कार्यशाला लगा रही है। राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों की विजेता रहीं गरबा विशेषज्ञ रुचि गेनानी कार्यशाला में प्रशिक्षणार्थियों को गरबा के घोड़ा, छोकरी, चकरी, मंडली, ताली, धकला, टिमली, डोडिया, सनेडी, सरकारी, हिंज, कानुडो सहित सभी प्रकार सिखाएंगी।
युवा समिति की महिला प्रमुख श्रावणी मुकादम ने बताया कि महाराष्ट्र मंडल में नवरात्रि के दौरान होने वाले गरबा महोत्सव में हम बेहद अनुशासित और आध्यात्मिक गरबा करने के लिए हर आयु के भक्तजनों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। महाराष्ट्र मंडल में लगाई जा रही यह कार्यशाला भी हमारी इसी सोच का प्रमुख हिस्सा है। गरबा सीखने के लिए कार्यशाला में आने के जो भी इच्छुक प्रतिभागी हैं, उसे युवा समिति की श्रावणी मुकादम अथवा महाराष्ट्र मंडल कार्यालय में आकर अपना पंजीयन करवा लेना चाहिए, ताकि सीमित स्थानों के कारण उन्हें गरबा सीखने में कोई परेशानी न हो। गरबा सीखने यानी कार्यशाला में भाग लेने के लिए महाराष्ट्र मंडल का सभासद होना जरूरी नहीं है।
समिति के पुरुष प्रमुख शुभम् पुराणिक ने जोर देकर कहा कि कार्यशाला में हर उम्र के उत्साही लोग शामिल हो सकते हैं। मंडल के आयोजन में वैसे भी परंपरागत परिधानों के साथ सौम्य, भक्तिमय संगीत के साथ गरबा खेलने की गरिमामय परंपरा रही है। कार्यशाला के बाद प्रशिक्षित गरबा प्रेमियों के साथ इस वर्ष भी इसी गौरवशाली परंपरा का निवर्हन किया जाएगा।