खुद में बचत की आदत डालकर ईश्वर को बनाएं पार्टनरः काले
2026-10-31 11:38 AM
97
उल्लास से हुआ महाराष्ट्र मंडल कर्मचारियों का दीवाली मिलन समारोह
- छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के साथ मनाई गई सरदार पटेल की जयंती
रायपुर। जब दान की बात आती है, तो ज्यादातर लोग यह कहते हैं कि मेरे पास आएगा तो दूंगा। इस मानसिकता में रहने वालों के पास कभी इतना आता ही नहीं कि वे किसी को कुछ दे सके। दान की आदत खुद में डालने के लिए आप अपनी कमाई का 10 प्रतिशत हिस्सा अलग निकालें। जिसका पार्टनर आप ईश्वर को बनाएं, यानी उस पैसे को ईश्वर के बताए रास्ते पर खर्च करते हुए परोपकार में लगाएं। ऐसा कर पर जरूरतमंद की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा कर सकते हैं। ईश्वर को पार्टनर बनाएंगे, तो ईश्वर आपको उससे अधिक लौटाएगा, यह प्रमाणित सत्य है। उक्ताशय के विचार महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने मंडल परिसर में आयोजित महाराष्ट्र मंडल के कर्मचारियों के दिवाली मिलन समारोह में कहीं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य उत्सव और सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती भी संयुक्त रूप से मनाई गई।
काले ने स्टाफ को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम छत्तीसगढ़ राज्य का स्थापना दिवस भी मना रहे है। प्रदेश के विकास के साथ महाराष्ट्र मंडल के विकास में भी यहां के लोगों ने अपना अमिट योगदान दिया है। मंडल के विकास में किसी ने मन, तो किसी ने धन और किसी ने तन से अपनी सहभागिता निभाई है। अनेक लोगों ने तीनों तरीकों से मदद की है। काले ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल न होते तो आज हमारा देश अखंड भारत न होता, बल्कि न जाने कितने छोटे-छोटे रियासतों में बंटा होता। वल्लभभाई सरदार, लौह पुरुष, अपने व्यक्तित्व, अपने कार्यों और अपने स्पष्ट व सशक्त विचारों की वजह से जान गए।
सचिव चेतन दंडवते ने छत्तीसगढ़ी में उद्बोधन की शुरुआत कर यह बता दिया कि वो भले ही जन्म से मराठी हो, लेकिन उनकी कर्मभूमि छत्तीसगढ़ ही है। उन्होंने कहा कि महज कुछ दशक पहले ही रायपुर शहर में एक भी ट्रैफिक सिग्नल नहीं हुआ करता था, आज यहां हर कदम पर विकास दिखाई देता है। प्रदेश के विकास के साथ इन 26 वर्षों में महाराष्ट्र मंडल ने भी विकास किया। अब हम जरूरत के अनुसार 16 अतिरिक्त कमरों के निर्माण का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। ऐसा नहीं है कि आप यहां दान दें ही, लेकिन प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से आप इसमें सहयोगी बन सकते हैं। कमरों के निर्माण के साथ यहां बुकिंग बढ़ेगी और इसका लाभ आप सभी को ही होगा।
कार्यक्रम के दौरान मंडल की सभासद दीपाजंलि भालेराव ने छत्तीसगढ़ के स्वर्णिम 26 वर्षों की विकासगाथा के बारे में अपने विचार रखे। वहीं सभासद वैशाली पुरोहित, श्वेता कुसरे, सीमा टिग्गा, आरुषी कुबंळकर ने छत्तीसगढ़ी गीत की सुमधुर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन मंडल उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल और आभार प्रदर्शन मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन ने किया। इस अवसर पर कार्यकारिणी शंकर नगर बाल वाचनालय प्रभारी सुबोध टोले, संत ज्ञानेश्वर स्कूल प्रभारी परितोष डोनगांवकर, आध्यात्म और स्वास्थ्य समिति प्रभारी आस्था काले, सखी निवास प्रभारी नमिता शेष, सियान गुड़ी प्रभारी प्रवीण क्षीरसागर, प्राचार्य मनीष गोवर्धन, आध्यात्मिक समिति की संध्या खंगन, भवन समिति के प्रमुख शचिंद्र देशमुख, युवा समिति की समन्वयक डॉ. शुचिता देशमुख सहित बड़ी संख्या में मंडल के स्टाफ और सभासद उपस्थित रहे।