'सेलिब्रेशन' के साथ टिकट लेकर नाटक देखने का चलन दोबारा हो रहा शुरू
2026-11-03 06:58 PM
93
0- महाराष्ट्र मंडल के दिव्यांग बालिका विकास गृह के सहायतार्थ बेचे जा रहे मराठी नाटक के टिकट, बुधवार शाम को होगा मंचन
रायपुर। चंद दशक पहले महाराष्ट्र मंडल के माध्यम से मराठी नाटकों के टिकटों की बिक्री घर जाकर की जाती थी। नाट्य प्रेमी परिवारों की ओर से टिकट लेने को लेकर जोरदार रुझान भी रहता था। यही वजह है कि टिकट बेचने वालों का उत्साह पहले से लेकर आखिरी टिकट तक समान ही रहता था। एक बार फिर मराठी नाटक देखने के लिए महाराष्ट्र मंडल दोबारा टिकट बेचने की प्रथा को पुनर्जीवित कर रहा है। ‘सेलिब्रेशन’ की टिकट खरीदने को लेकर रंगप्रेमी मराठी भाषी दर्शकों का रुझान निश्चित ही रंगमंच की दुनिया के लिए शुभ संकेत है।
मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि कई साल पहले प्रशांत दलवी लिखित मराठी नाटक ‘सेलिब्रेशन’ आज भी जीवंत पारिवारिक विषय पर आधारित होने के कारण सामयिक है। हर इंसान को यह नाटक देखना ही चाहिए। इसमें परिवार के हर सदस्य व रिश्तेदार का हमारे जीवन में महत्व को अच्छी तरह समझाया गया है। काले ने कहा कि एकल परिवार समय की मांग तो हो सकती है लेकिन हमारे जीवन का आधार नहीं। यही सब कुछ ‘सेलिब्रेशन’ हमें बहुत ही भावनात्मक अंदाज में सिखाता है।
प्रसन्न निमोणकर के अनुसार इस नाटक की कामयाबी से कुछ अरसे तक ऐसे ही सामाजिक संदेश वाले रोचक व मनोरंजक नाटक देखने को मिलेंगे। हमें विश्वास है कि बाकी टीमें भी विशुद्ध हास्य से थोड़ा हटकर कुछ नया करने के बारे में विचार करेंगे। निमोणकर ने कहा कि ‘सेलिब्रेशन’ के माध्यम से अथर्व महावादी, प्रांजल बक्षी, वर्तिका क्षीरसागर, गणेशा जाधव पाटिल जैसी नई संभावनापूर्ण युवा पीढी रंगमंच पर उतरेगी और नाटकों के उज्जवल भविष्य को स्पष्ट करेगी।
महाराष्ट्र मंडल में संत ज्ञानेश्वर सभागृह के कुमुदिनी वरवंडकर रंगमंच पर बुधवार, चार नवंबर को शाम 07:00 बजे मंचित होने वाले नाटक को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। साथ ही टिकट बिक्री का अंतिम दौर भी अब खत्म होने को है।