दिव्य महाराष्ट्र मंडल

पुष्‍पेंद्र कुलश्रेष्‍ठ के कार्यक्रम को भव्‍य बनाने के लिए तैयारियां तेज

0- महाराष्‍ट्र मंडल में आयोजक समाजों व संस्‍थाओं की आहूत बैठक में लिए गए अनेक महत्‍वपूर्ण निर्णय, कार्यक्रम पूरी तरह नि:शुल्‍क व पहले आओ- पहले सीट पाओ के आधार पर

रायपुर। ‘राष्‍ट्र के सामने चुनौतियां और उसका समाधान’ विषय पर होने वाले पुष्‍पेंद्र कुलश्रेष्‍ठ के प्रबोधन कार्यक्रम में शुरुआती तीन पंक्तियां वीआईपी अतिथियों के लिए आरक्षित रहेंगी। उसके बाद समूचे ऑडिटोरियम में आगंतुक अतिथियों के लिए पहले आओ, पहले सीट पाओ की तर्ज पर बैठक व्‍यवस्‍था रहेगी। कुलश्रेष्‍ठ के संबोधन के लिए शहर के युवाओं को ऑडिटोरियम तक लाने के लिए खासतौर पर चर्चा की गई और सभी समाजों को इसके लिए जिम्‍मेदारियां सौंपी गईं। 

राष्ट्रीय विचारक और सुप्रसिद्ध वक्ता पुष्‍पेंद्र कुलश्रेष्‍ठ का विशेष प्रबोधन कार्यक्रम साइंस कॉलेज स्थित पं. दीनदयाल उपाध्‍याय ऑडिटोरियम में 21 नवंबर को शाम चार बजे होगा। इस कार्यक्रम को और भी सुव्‍यवस्थित आयोजित करने और भव्‍य बनाने के लिए महाराष्‍ट्र मंडल में विभिन्‍न समाजों के प्रतिनिधियों की बैठक आहूत की गई। इसमें कई महत्‍वपूर्ण निर्णय लिए गए। सभी समाजों के प्रातिनिधियों ने एक मत से कहा कि कार्यक्रम के लिए न तो पास प्रकाशित व वितरित किए जाएंगे और न ही किसी के नाम पर सीटों व पंक्तियों को रोकने की अनुमति दी जाएगी। सभी आयोजक समाज व संस्‍था कार्यक्रम को पूर्णत: नि:शुल्‍क आयोजित करने के प्रबल पक्षधर हैं।

महाराष्‍ट्र मंडल के अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले ने बताया कि पुष्‍पेंद्र कुलश्रेष्‍ठ के सुव्‍य‍वस्थित कार्यक्रम के लिए सभी आयोजक समाजों व संस्‍थाओं के पदाधिकारियों की संयुक्‍त रूप में मंच समिति, स्‍वागत समिति, बैठक व्‍यवस्‍था समिति, स्‍वाल्‍पाहार समिति, अतिथि आवागमन समिति सहित अनेक समितियां गठित की जाएंगी। कार्यकर्ताओं को विशेष बैच दिये जाएंगे, ताकि भीड़ में भी उन्‍हें आसानी से ढूंढकर व्‍यवस्‍था से संबंधित अन्‍य कार्यों में भी लगाया जा सके। काले ने स्‍पष्‍ट किया कि सभी आयोजक समाज कुलश्रेष्‍ठ के प्रबोधन कार्यक्रम के प्रचार- प्रसार पर पूरी ताकत झोकेंगे और अधिकाअधिक लोगों से मोबाइल कॉल के माध्‍यम से अथवा प्रत्‍यक्ष मुलाकात कर कार्यक्रम में आमंत्रित करेंगे। 

बैठक में  अग्रवाल सभा रायपुर के कार्यक्रम प्रभारी कैलाश मुरारका, श्री गुजराती ब्रह्म समाज रायपुर के अध्यक्ष कीर्ति व्‍यास, स्‍वामी आत्‍मानंद वार्ड के पार्षद आनंद अग्रवाल, बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल के छत्‍तीसगढ़ कार्यवाह सुबोध टोले, महाराष्‍ट्र मंडल के सचिव चेतन गोविंद दंडवते, मुख्‍य समन्‍वयक श्‍याम सुंदर खंगन, महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, सखी निवास प्रभारी नमिता शेष, संत ज्ञानेश्‍वर विद्यालय के प्रभारी परितोष डोनगांवकर, सह प्रभारी नवीन देशमुख, महाराष्‍ट्र मंडल भवन प्रभारी निरंजन पंडित, सियान गुड़ी प्रभारी प्रवीण क्षीरसागर, परिवार परामर्श समिति से शताब्दी पांडे, वरिष्‍ठ जन सेवा समिति के प्रभारी दीपक पात्रीकर, तुषार मराठे सहित अनेक समाजों के पदाधिकारियों ने भी बैठक में अपनी उपस्थिति दर्ज करते हुए सुझाव दिए।