स्कूल की प्रार्थना सभा में सम्मानित की गईं कथक नृत्यांगना पावना
- जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित कथक नृत्य स्पर्धा में उप विजेता रहीं महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर स्कूल की छात्रा को प्रार्थना सभा में किया गया सम्मानित
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की ओर से संचालित संत ज्ञानेश्वर स्कूल में अध्ययनरत प्रतिभाशाली और पारंगत कथक नृत्यांगना पावना रेड्डी का स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मान किया गया। पावना को यह सम्मान महाराष्ट्र मंडल के सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी, स्कूल प्रभारी परितोष डोनगांवकर, सह प्रभारी नवीन देशमुख के साथ प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने दिया।
प्राचार्य गोवर्धन ने बताया कि जिला प्रशासन रायपुर की ओर से हाल ही में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित वीरांगना शौर्य उत्सव और सेवा संकल्प कार्यक्रम में एकल कथक नृत्य स्पर्धा में संत ज्ञानेश्वर विद्यालय की छात्रा पवना रेड्डी की प्रस्तुति बेहद सधी हुई और प्रभावशाली रही। यही वजह है कि उन्हें इस जिला स्तरीय स्पर्धा में उप विजेता होने का गौरव हासिल हुआ। समस्त अतिथियों ने छठवीं कक्षा की छात्रा पावना को इस उल्लेखनीय कामयाबी के लिए बधाई दी और भविष्य में इससे भी बडी सफलताएं हासिल का आशीर्वाद दिया।
सुनिधि रोकडे बनीं उप प्राचार्य

इस बीच स्कूल में 21 वर्षों से कार्यरत वरिष्ठ शिक्षिका सुनिधि रोकडे का प्रमोशन करते हुए उन्हें संत ज्ञानेश्वर स्कूल का उप प्राचार्य बनाया गया। सुनिधि को प्रमोशन लेटर देते हुए महाराष्ट्र मंडल के मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन ने कहा कि संस्था को अपना मानकर काम करो और हर तरह के कार्यों में रुचि लेकर काम करो, तो आपके लिए तरक्की की अनंत संभावनाएं बनी रहतीं हैं। यह बात सुनिधि मैडम ही नहीं बल्कि बाकी शिक्षिकाओं- शिक्षकों पर भी लागू होती है।
संत ज्ञानेश्वर स्कूल में हुए संक्षिप्त लेकिन महत्वपूर्ण आयोजन में शाला प्रभारी परितोष डोनगांवकर, सह प्रभारी नवीन देशमुख, सचेतक रविंद्र ठेंगडी के साथ प्राचार्य मनीष गोवर्धन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। खंगन ने कहा कि महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने शुरू से ही अगले सत्र में संत ज्ञानेश्वर स्कूल की नई शाखा शुरू करने का लक्ष्य रखा है। हम सभी को लक्ष्य हासिल के लिए अभी से लगातार प्रयास करना चाहिए और यह पता लगाना चाहिए कि रायपुर शहर अथवा आउटर क्षेत्रों में वह कौन सा स्थान हो सकता है जहां संत ज्ञानेश्वर स्कूल की नई शाखा को स्थापित और विकसित होने की संभावना प्रबल हो। नई शाखा खोले जाने से ही यहां के वरिष्ठ शिक्षकों- शिक्षिकाओं को प्राचार्य, प्रधान पाठिका जैसे पदों पर उन्नति करने का अवसर मिलेगा।