दिव्य महाराष्ट्र मंडल

'जीवन में खुश कैसे रहें'... महाराष्ट्र मंडल की हैप्पीनेस कोच ने... दुर्ग महिला प्रकोष्ठ की सदस्यों से किया साझा

दुर्ग महिला प्रकोष्ठ के 'जीवन में खुश कैसे रहे' इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र मंडल, रायपुर की आजीवन सदस्या डॉ. मंजिरी बक्षी (काउंसलर,  हैप्पीनेस कोच) को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। प्रकोष्ठ प्रमुख रोहिणी पाटणकर, क्षेत्र प्रमुख संगीता कुलकर्णी एवं अलका देशमुख मुख्य रूप से उपस्थित थे। दीप प्रज्वलन एवं स्वागत भाषण उपरांत जेष्ठ मास, सावरकर जयंती, गंगा दशहरा एवं वट सावित्री इनकी महत्ता पर प्रकाश डाला। 

डॉ. मंजिरी बक्षी ने गानों एवं ध्यान के माध्यम से महिलाएं अपने आप से प्यार कैसे करें और इसकी जरूरत क्यों है इस बारे में बताया। परिवार, समाज एवं राष्ट्र के ऋण चुकाने के लिए स्वत: में बदलाव लाकर, सभी को मदद की भावना रखकर, प्रगति पथ पर बढ़ना ही होगा, यह उन्होंने समझाया। नई चीजें सीखकर एवं दूसरों को सिखाकर आप अपनी प्रगति कर, यह बदलाव ला सकते हैं। आप जब  खुश होगे, तभी यह बातें अमल में लाई जा सकती है, इसलिए खुद में खुशी ढूंढना और खुशी बांटना यह बहुत जरूरी है, यह उनका मानना है। 

आपको प्रोत्साहन देने वाले दोस्त एवं संगत के साथ हमेशा बने रहने पर जोर दिया गया। अपने जीवन में होने वाले नकारात्मक बदलाव के बारे में सचेत रहे, एवं उन्हें सकारात्मकता मे बदलने की कोशिश करते रहे, यही जीवन का मंत्र' है, और हंसते हुए यह करना आसान होगा। अपने आप को बहुमूल्य समझ कर खुद की इज्जत एवं प्यार करें, तभी अपने परिवार और दूसरों से सच्चा प्यार कर पाएंगे। महिलाओं ने इन सारी बातों को अपने जीवन में अपनाकर खुश रहने का वादा किया। मंच संचालन नीलिमा सागदेव ने एवं धन्यवाद ज्ञापन सौ. नैनाजी ने प्रेषित किया।